इंडी गठबंधन महारैली : रामलीला मैदान से अखिलेश का योगी पर वार, संजय राउत बोले- ज्ञानेश कुमार को हटाकर ही मानेंगे

नई दिल्ली, 1 नवंबर। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की महारैली में विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग डबल इंजन की बात करते थे, वे अब डबल जीरो हो गए हैं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

रैली में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सपा सांसद नारायण दास अहिरवार समेत कई विपक्षी नेताओं ने हिस्सा लिया। नेताओं ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

अखिलेश यादव का योगी पर तंज, बोले- डबल इंजन अब डबल जीरो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए 1 करोड़ 27 लाख वोट कम होने के आंकड़े का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री को इस आंकड़े की याद उस समय क्यों आई, जब भाजपा एमएलसी चुनाव में हार गई।

अखिलेश यादव ने कहा, “जो लोग डबल इंजन की बात करते थे, वे अब डबल जीरो हो गए हैं। इतना ही नहीं, वे अपनी हार भी स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के साथ मिलकर दूसरी बार वोटों की गिनती करवाई। इस तरह एक ही चुनाव में डबल इंजन की सरकार को दोहरी हार का सामना करना पड़ा।”

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाए, जिसमें 1 करोड़ 27 लाख वोट हिंदुओं के नहीं होने की बात कही गई। अखिलेश ने पूछा कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला और उन्हें इसकी जानकारी किसने दी? उन्होंने कहा कि यह सामान्य जानकारी नहीं है, जो किसी राह चलते व्यक्ति से मिल जाए। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि मुख्यमंत्री के पास यह आंकड़ा कहां से आया।

संजय राउत बोले- ज्ञानेश कुमार को हटाने तक नहीं रुकेगा आंदोलन

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने रामलीला मैदान की सभा को सामान्य कार्यक्रम के बजाय मेगा रैली बताया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को पुलिस ने रोक दिया था, जिसके बाद रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करने का फैसला लिया गया।

संजय राउत ने कहा कि पूरा देश लोकतंत्र बचाने के लिए रामलीला मैदान में एकजुट होगा। उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए इन ताकतों के खिलाफ लड़ाई जरूरी है। राउत ने राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी एकजुटता का दावा करते हुए कहा कि यह आंदोलन आसानी से खत्म होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर उन्हें लगता है कि सब कुछ खत्म हो गया है, तो वे गलत हैं। यह आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक हम ज्ञानेश कुमार को बाहर नहीं निकाल देते।”

दीपेंद्र हुड्डा ने बैरिकेडिंग पर उठाए सवाल, सरकार पर लगाए आरोप

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने महारैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मैदान का आधा हिस्सा भर चुका है और लगातार लोगों का पहुंचना जारी है।दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतंत्र को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया है।

उन्होंने चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने का आरोप भी लगाया। उनके मुताबिक, इसी वजह से जनता में नाराजगी है और लोग बड़ी संख्या में विरोध दर्ज कराने पहुंच रहे हैं। उन्होंने रैली में आने वाले लोगों के रास्ते में बैरिकेडिंग और ट्रैफिक धीमा किए जाने का भी मुद्दा उठाया। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस संबंध में हरियाणा पुलिस से बातचीत की गई है। पुलिस से कहा गया है कि जब रैली की अनुमति दी गई है, तो लोगों के आने-जाने में बाधा नहीं होनी चाहिए।

भूपेंद्र हुड्डा बोले- यह जनता की आवाज, शांतिपूर्ण होगी रैली

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर लाखों लोग रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं। INDIA गठबंधन के सभी प्रमुख नेता भी इस आयोजन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह जनता की आवाज है और लोग चुनाव आयोग के मौजूदा नेतृत्व के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने आए हैं। बैरिकेडिंग और व्यापारियों को होने वाले नुकसान के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि रैली शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि रैली में शामिल होने वाले लोग खरीदारी भी करेंगे, इसलिए व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका नहीं है। हुड्डा के मुताबिक, बैरिकेडिंग से आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

नारायण दास अहिरवार ने व्यापारी, किसान और मजदूरों का उठाया मुद्दा

समाजवादी पार्टी के सांसद नारायण दास अहिरवार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि व्यापारी, मध्यम वर्ग, मजदूर और किसान समेत समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के नेताओं को झूठ बोलने की आदत हो गई है और वे कुछ भी कह सकते हैं। रामलीला मैदान में हुई इस महारैली के जरिए विपक्षी दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर सरकार के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाने की कोशिश की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular