UP News : जेलों की सुरक्षा होगी मजबूत, योगी सरकार खरीदेगी 676 इंसास राइफल; 14 करोड़ रुपये होंगे खर्च

लखनऊ, 3 नवंबर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने जा रही है। इसके लिए सरकार 676 अत्याधुनिक इंसास (INSAS) राइफल खरीदेगी। साथ ही प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक इस्तेमाल के लिए 58,795 कारतूस भी खरीदे जाएंगे। इस पूरी खरीद प्रक्रिया पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सोमवार को सरकार की ओर से इसकी जानकारी दी गई।

सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ पुलिस और कारागार व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में जेलों में तैनात जेल वार्डन, कारागार अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक हथियारों से लैस करने तथा उनके प्रशिक्षण का स्तर बेहतर बनाने की योजना तैयार की गई है।

676 राइफल और 58,795 कारतूस खरीदे जाएंगे

सरकारी बयान के अनुसार, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग की ओर से 676 इंसास राइफल और 58,795 कारतूस खरीदे जाएंगे। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव के मुताबिक, 676 राइफलों की खरीद पर करीब साढ़े 13 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि कारतूस खरीदने के लिए लगभग 30 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस तरह पूरी खरीद प्रक्रिया पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और वहां तैनात कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना है। इसके साथ ही प्रशिक्षण के जरिए सुरक्षा कर्मियों को आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जाएगा।

STF के माध्यम से होगी हथियारों की खरीद

महानिदेशक (DG) कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पीसी मीना ने बताया कि इंसास राइफल और कारतूस की खरीद उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (STF) के माध्यम से की जाएगी। इसके तहत 5.56 एमएम कैलिबर की इंसास राइफल खरीदी जाएंगी। विभाग की ओर से इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

पिछले दो साल में खरीदी गईं 254 इंसास राइफल

कारागार विभाग इससे पहले भी जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हथियारों की खरीद कर चुका है। पिछले दो वर्षों के दौरान विभाग ने 254 इंसास राइफल और 44,875 कारतूस खरीदे हैं। अब 676 अतिरिक्त राइफल और 58,795 कारतूस खरीदने की तैयारी है। इससे जेलों में तैनात सुरक्षा बलों की हथियारों की उपलब्धता बढ़ेगी और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।

क्या है इंसास राइफल? जानिए इसकी खासियत

इंसास (INSAS) का पूरा नाम इंडियन स्मॉल आर्म्स सिस्टम (Indian Small Arms System) है। यह भारत में विकसित 5.56 एमएम कैलिबर की स्वदेशी असॉल्ट राइफल है। इसे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और आयुध कारखानों के सहयोग से विकसित किया गया था। DRDO के अनुसार, यह गैस ऑपरेटेड और मैगजीन से संचालित होने वाली हल्के वजन की राइफल है। इसे भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया था। इसकी प्रभावी मारक क्षमता करीब 400 मीटर बताई जाती है।उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना से प्रदेश की जेलों में सुरक्षा संसाधनों को बढ़ाने और कारागार कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने की दिशा में एक और कदम उठाया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular