1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. FIFA विश्व कप 2026 : गत उपजेता फ्रांस की चुनौती तोड़ स्पेन 16 वर्षों बाद फाइनल में
FIFA विश्व कप 2026 : गत उपजेता फ्रांस की चुनौती तोड़ स्पेन 16 वर्षों बाद फाइनल में

FIFA विश्व कप 2026 : गत उपजेता फ्रांस की चुनौती तोड़ स्पेन 16 वर्षों बाद फाइनल में

0
Social Share

अर्लिंगटन, 15 जुलाई। FIFA विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में दो यूरोपीय पावरहाउस की टक्कर स्पेन के नाम छूटी, जिसने 2-0 की जीत से गत उपजेता फ्रांस की चुनौती तोड़ते हुए 2010 के बाद पहली बार फाइनल में प्रवेश कर लिया।

मिकेल व पेड्रो ने सुनिश्चित की स्पेन की जीत

डलास स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में मिकेल ओयारजाबाल ने 23वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल कर स्पेन को बढ़त दिलाई जबकि मध्यांतर बाद 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दूसरा गोल दागकर स्पेन की जीत पक्की कर दी।

शीर्ष स्तर पर सेमीफाइनल में ‘लेस ब्लूज़’ पर स्पेन की लगातार तीसरी जीत

दिलचस्प यह है कि शीर्ष स्तर पर यह लगातार तीसरा सेमीफाइनल है, जिसमें स्पेन ने ‘लेस ब्लूज़’ (फ्रांस की टीम) को हराया है। लैमिन यामाल ने 2024 यूरोपीय चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में अपने 17वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले फ्रांस के खिलाफ 2-1 की जीत में गोल किया था। वहीं पिछले वर्ष यूएफा नेशंस लीग में भी स्पेन ने फ्रांस को 5-4 से मात दी थी।

अपने 19वें जन्मदिन के एक दिन बाद मैदान पर उतरे युवा खिलाड़ी लामिन यामाल का एक गोल बेहद करीबी ऑफसाइड फैसले के कारण रद कर दिया गया। यह मौका 58वें मिनट में पेड्रो पोरो और दानी ओल्मो के बेहतरीन तालमेल से स्पेन की बढ़त 2-0 होने के तुरंत बाद आया। स्पेन को हालांकि शुरुआती बढ़त दिलाने में यामाल की सूझबूझ भरी खेल-समझ ही काफी अहम साबित हुई।

लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल में प्रवेश का फ्रांस का सपना टूटा

देखा जाए तो फीफा रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज फ्रांस और उसके कप्तान व स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबापे लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली इतिहास की केवल तीसरी टीम बनने की कोशिश में थे। फिलहाल इस हार के बाद अब फ्रांस शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में उतरेगा। फाइनल रविवार को न्यूयॉर्क सिटी के निकट मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।

ओयारजाबाल ने मौजूदा संस्करण में अपना पांचवां गोल ठोका

मुकाबले की बात करें तो स्पेन ने 23वें मिनट में बढ़त बनाई, जब बॉक्स के अंदर लुकास डिग्ने ने लैमिन यामाल को फाउल किया और रेफरी ने बिना किसी हिचकिचाहट के पेनाल्टी किक का इशारा किया। मिकेल ओयारजाबल ने गेंद को नेट के दाहिने कोने में भेजकर ‘ला रोजा’ (स्पेन की टीम) को बढ़त दिला दी। फ्रांसीसी गोलकीपर माइक मैगनन ने सही दिशा का अंदाज़ा लगाया, लेकिन ओयारजाबल का शॉट उनके डाइव की पहुंच से बहुत ऊपर था। ओयारजाबाल का यह मौजूदा विश्व कप का पांचवां गोल रहा।

पेड्रो पोरो ने मध्यांतर बाद बढ़त दुगुनी की

इसके बाद 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने स्कोर 2-0 कर दिया। उन्होंने एरिया के दाहिने किनारे पर दानी ओल्मो के साथ तेजी से ‘वन-टू’ पास का खेल दिखाया। टोटेन्हम के फुल-बैक ने पास को अच्छी तरह से संभाला, आगे बढ़े और मैगनन को छकाते हुए ज़ोरदार शॉट से गोल कर दिया। इससे पहले किलियन एम्बापे के पास फ्रांस को बढ़त दिलाने का अच्छा मौका था, लेकिन ऊपर से पास देने की कोशिश में उन्होंने गलत अंदाजा लगाया और गेंद बाहर चली गई।

वर्ष 2018 में दूसरी बार खिताबी जीत और चार वर्ष पहले (2022) अर्जेंटीना से पेनाल्टी शूट-आउट में हारने के बाद लगातार तीसरा फाइनल खेलने की कोशिश कर रही फ्रांसीसी टीम ने इसके बाद जोरदार दबाव बनाया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। टीम को एक और झटका तब लगा, जब चोट के कारण विलियम सालिबा को मैदान से बाहर जाना पड़ा।

चैम्पियन अर्जेंटीना व इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल आज

अब तक सिर्फ एक बार विश्व कप (वर्ष 2010) जीतने वाला स्पेन अब रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में होने वाले फाइनल में मौजूदा चैम्पियन अर्जेंटीना व इंग्लैंड के बीच बुधवार को अटलांटा में खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code