एक दिनी सीरीज : गिल की कप्तानी पारी और अक्षर के हरफनमौला खेल से टीम इंडिया की इंग्लैंड दौरे पर पहली जीत  

बर्मिंघम, 14 जुलाई। यूनाइटेड किंगडम (UK) के इस दौरे में पहले आयरलैंड और फिर इंग्लैंड के खिलाफ दु:स्वप्न सरीखी गुजरी टी20 सीरीज के बाद टीम इंडिया को मंगलवार की रात तनिक संजीवनी मिली, जब उसने शुभमन गिल की कप्तानी पारी (80 रन, 75 गेंद, एक छक्का, 11 चौके) व अक्षर पटेल के हरफनमौला प्रदर्शन (4-62 और नाबाद 57 रन, 52 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के सहारे पहले एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 28 गेंदों के रहते इंग्लैंड को छह विकेट से हरा दिया। लगातार छह पराजयों के बाद मिली पहली जीत के साथ ही गिल एंड कम्पनी ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

रूट व डॉसन के सहारे इंग्लैंड ने खड़ा किया 258 का स्कोर

एजबेस्टन ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड ने 6-107 की नाजुक स्थिति के बाद जो रूट (नाबाद 76 रन, 76 गेंद, एक छक्का, छह चौके) व लिएम डॉसन (68 रन, 83 गेंद, एक छक्का, छह चौके) के बीच शतकीय भागीदारी से 47.5 ओवरों में 258 रनों का बेहतर स्कोर खड़ा किया था।

गिल, सुंदर व अक्षर के पचासों से भारत ने 28 गेंदों के रहते लक्ष्य पा लिया

जवाबी काररवाई के दौरान पिंडली में खिंचाव के चलते रिटायर होने से पहले शुभमन की जिम्मेदाराना पारी, उनकी श्रेयस अय्यर (35 रन, 53 गेंद, दो चौके) संग शतकीय भागीदारी और फिर वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52 रन, 63 गेंद, एक छक्का, चार चौके) व अक्षर के मैच जिताऊ नाबाद पचासों से भारत ने 45.2 ओवरों में चार विकेट पर 262 रन बना लिए।

गिल-श्रेयस और सुंदर-अक्षर के बीच शतकीय भागीदारियां

एक समय मेहमानों का स्कोर 4-160 था, लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अक्षर और वॉशिंगटन ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 102 रनों की साझेदारी से भारत को आसान जीत दिला दी। वहीं गिल शानदार लय में दिखे और उन्होंने 48 रनों के भीतर रोहित शर्मा (11 रन) व विराट कोहली (पांच रन) के लौटने के बाद श्रेयस संग 101 रनों की अहम साझेदारी से टीम को गति पकड़ाई। हालांकि शतक के करीब पहुंचने से पहले उन्हें पिंडली और मांसपेशियों में ऐंठन के कारण रिटायर होना पड़ा।

गिल के रिटायर हर्ट होने के बाद मैच कुछ समय के लिए इंग्लैंड की ओर झुकता नजर आया, जब लगातार ओवरों में श्रेयस व केएल राहुल लौट गए। इस दौरान अय्यर रन आउट हो गए जबकि केएल राहुल जोश टंग की तेज गेंद पर बोल्ड हो गए। फिलहाल अक्षर और सुंदर ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए किसी भी तरह का दबाव नहीं आने दिया और टीम को मंजिल दिला दी।

बेन डकेट व जैकब बेथेल ने पहले विकेट पर जोड़े 61 रन

इससे पहले बेन डकेट (43 रन, 45 गेंद, दो छक्के, छह चौके) व जैकब बेथेल (14 रन, एक चौका) ने पहले विकेट पर 61 रनों की साझेदारी की। लेकिन पेसर गुरनूर बरार (2-61) ने 13वें ओवर में दोनों ओपनरों को लौटा दिया तो जसप्रीत बुमराह (1-31) ने कप्तान हैरी ब्रूक (एक रन) को मायूस कर अर्से बाद टीम में वापसी का जश्न मनाया। दरअसल, 2023 विश्व कप फाइनल के बाद बुमराह का यह पहला एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मैच था।

स्कोर कार्ड

उधर 17वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा (2-50) ने जोस बटलर (पांच रन) व सैम करन (शून्य) को विदा किया तो 80 पर आधी टीम लौट चुकी थी। विल जैक्स (20 रन, 19 गेंद, तीन चौके) ने रूट संग तेज हाथ दिखाने की कोशिश की 22वें ओवर में 107 को स्कोर पर शिवम दुबे (1-27) ने उन्हें लौटा दिया।

रूट व डॉसन ने सातवें विकेट पर 121 रनों की भागीदारी की

यहां इंग्लिश टीम मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने डॉसन संग मिलकर सातवें विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी से इंग्लैंड को दो सौ के पार पहुंचा दिया। इंग्लिश पारी के अंतिम चार विकेट अक्षर के हाथ लगे, लेकिन रूट जहां नाबाद रहे वहीं टीम 250 सौ रनों के पार जा पहुंची। यह अलग बात है कि गिल व उनके साथियों ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

कार्डिफ में गुरुवार को खेला जाएगा दूसरा मैच

सीरीज का दूसरा मुकाबला कार्डिफ में 16 जुलाई को खेला जाएगा। उसके बाद 19 जुलाई को दोनों टीमें लार्ड्स ग्राउंड पर अंतिम मैच खेलने उतरेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular