कुशीनगर, 2 नवंबर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां एक कार और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भलुही गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भलुही निवासी एक परिवार कार से रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रविवार देर रात सभी लोग कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी कार की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे में इन लोगों की गई जान
इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (40), रामबेलास (65), राममिलन (35), आयुष (12), मृदुल मिश्रा (37) और रंजय गुप्ता (35) शामिल बताए गए हैं। ये सभी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मशक्कत के बाद निकाले शव और घायल
हादसे की सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हाटा कोतवाली के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सभी लोग एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम, खुशियां बदलीं गम में
एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की मौत की खबर जैसे ही भलुही गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। जिस परिवार में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लोग खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, उसी परिवार पर कुछ ही पलों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।


