भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेताओं ने व्यक्त किया शोक
नई दिल्ली, 30 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के पहले अध्यक्ष और पांच बार दिल्ली के सांसद रहे वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। मल्होत्रा का पिछले कुछ दिन से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार चल रहा था। वह भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख चेहरों में से एक थे।
उन्होंने विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया और 2008 के चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में भी पेश किया गया, जब शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई नेताओं ने मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया। दिल्ली सरकार ने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए।
उपराष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘‘वह एक अनुभवी नेता थे, जिन्हें जनता से जुड़ी चिंताओं की गहरी समझ थी। उनकी इन्हीं खूबियों के कारण उन्हें व्यापक रूप से सम्मान दिया जाता था। खेल प्रशासन सहित सार्वजनिक जीवन में श्री मल्होत्रा जी के अमूल्य योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ऊं शांति।’’
मोदी ने मल्होत्रा के आधिकारिक आवास पर जाकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में मल्होत्रा के योगदान की सराहना की और दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्हें याद किया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।’’ मोदी ने पोस्ट में कहा, ‘‘संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वह सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ऊं शांति!’’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी वरिष्ठ नेता को श्रद्धांजलि दी। गुप्ता ने मल्होत्रा को ‘‘पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का अभिभावक’’ बताया और कहा कि उनका निधन ‘‘एक अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति’’ है।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, हम सभी कार्यकताओं के अभिभावक और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा।’’
उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया। उनका जाना भाजपा परिवार और सामाजिक जीवन, दोनों के लिए ही एक गहरी शून्यता छोड़ गया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों तथा कार्यकर्ताओं को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।’’
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक बयान में कहा, ‘‘बेहद दुख के साथ हमें सूचित करना पड़ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का आज सुबह निधन हो गया। उनका जीवन सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल था। जनसंघ के दिनों से ही उन्होंने दिल्ली में संघ की विचारधारा के विस्तार के लिए अथक प्रयास किए।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उनका जीवन हमेशा से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है और आगे भी रहेगा।’’ मल्होत्रा के निधन से एक दिन पहले ही दिल्ली भाजपा को दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर एक स्थायी कार्यालय मिला था, जिसका उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।
दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे मल्होत्रा ने 1999 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था। सिंह 2004 में प्रधानमंत्री बने। दिल्ली सरकार ने उनके निधन के बाद अपने कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश सिंह वर्मा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘वरिष्ठ भाजपा नेता और हमारे मार्गदर्शक श्री विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन के कारण केशोपुर एसटीपी (जलमल शोधन संयंत्र) पर प्रस्तावित डीजेबी (दिल्ली जल बोर्ड) का समारोह स्थगित कर दिया गया है, जिसमें आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी शामिल होने वाले थे। कार्यक्रम की नयी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। हम सब मिलकर दिवंगत आत्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।’’
