CJP अड़ी : धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक नहीं रुकेगा आंदोलन, सोनम वांगचुक ने की शांति बनाए रखने की अपील

नई दिल्ली, 23 जुलाई। नीट परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच टकराव और गहरा गया है। सीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी। पार्टी का कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री पद नहीं छोड़ते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने बताया कि उनकी सोनम वांगचुक से कई बार बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक ने सभी प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि अतीत में कई आंदोलनों के दौरान असामाजिक तत्वों की घुसपैठ कर आंदोलन को बदनाम करने की कोशिशें हुई हैं, इसलिए इस बार सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।

सौरभ दास ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जे.पी. नड्डा के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें विपक्ष पर आंदोलन के जरिए राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया गया था। उन्होंने कहा कि लोग एक महीने से अधिक समय से सड़कों पर बैठे हैं और ऐसे में आंदोलन को राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है। उनका कहना था कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कोई समझौता नहीं होगा और मांग पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर संसद में गंभीर और व्यापक चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि संसद इस विषय पर नीति बनाने का सबसे उपयुक्त मंच है और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा तथा उन्हें न्याय दिलाना सरकार और विपक्ष दोनों की साझा जिम्मेदारी है। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं। ऐसे में जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन और उससे जुड़ा राजनीतिक गतिरोध जल्द खत्म होता नहीं दिख रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular