चाइना ओपन : उन्नति ने सिंधु को दी कड़ी चुनौती, शेट्टी का बड़ा उलटफेर, विश्व नंबर 11 फरहान को बाहर किया
चांगझू, 22 जुलाई। पिछले हफ्ते पहली बार जापान ओपन जीतकर डेढ़ वर्षों से चला आ रहा खिताबी सूखा खत्म करने वालीं शीर्ष भारतीय शटलर पीवी सिंधु को यहां चाइना ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में हमवतन किशोरी उन्नति हुड्डा से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। वहीं आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व नंबर 11 नंबर इंडोनेशियाई अल्वी फरहान को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
हुड्डा ने विश्व नंबर 8 सिंधु को 56 मिनट तक दौड़ाया
BWF विश्व रैंकिंग में दो पायदान की छलांग के साथ आठवें क्रम पर जा पहुंचीं 31 वर्षीय सिंधु को ओलम्पिक स्पोर्ट्स सेंटर जिम्नेजियम के कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के 10वें मैच में 56 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा और उन्होंने 18 वर्षीय किशोरी हुड्डा के खिलाफ एक गेम गंवाने के बाद 21-14, 9-21, 21-10 की जीत से दूसरे दौर में प्रवेश किया।
वर्षभर पहले इसी टूर्नामेंट में हुड्डा ने सिंधु को चौंकाया था
दिलचस्प यह है कि एक वर्ष पहले ही इसी टूर्नामेंट के दूसरे दौर में उन्नति ने 73 मिनट तक खिंचे तीन गेमों के संघर्ष के बाद 21-16, 19-21, 21-13 की जीत से सिंधु को हतप्रभ कर दिया था। हालांकि आज वह सिंधु के खिलाफ उलटफेर नहीं कर सकीं।
विश्व नंबर 24 उन्नति ने पहले गेम में सिंधु को कड़ी टक्कर दी और स्कोर 7-7 तक बराबरी पर रखा। इसके बाद सिंधु ने लय हासिल करते हुए पांच अंक जीतकर 12-8 की बढ़त बना ली और पहला गेम 21-14 से अपने नाम किया।
हालांकि दूसरे गेम में उन्नति ने शानदार वापसी की। 2-2 की बराबरी के बाद उन्होंने 6-3 की बढ़त बनाई और फिर लगातार छह अंक जीतकर स्कोर 12-4 कर दिया। सिंधु इस दौरान लय हासिल नहीं कर सकीं और उन्नति ने दूसरा गेम एकतरफा अंदाज में 21-9 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।
सिंधु ने फिलहाल तीसरे गेम में अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जोरदार वापसी की। उन्होंने स्कोर 6-3 से 10-5 तथा फिर 15-8 तक पहुंचाया। अंत में सिंधु ने तीसरा गेम 21-10 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
सिंधु की अब चौथी सीड चेन यूफेई से मुलाकात होगी
गैर वरीय सिंधु अब अंतिम 16 में चौथी वरीयता प्राप्त घरेलू खिलाड़ी चेन यूफेई को चुनौती देंगी, जिन्हें पिछले सप्ताह जापान ओपन के सेमीफाइनल में वह सीधे गेमों में हरा चुकी हैं। हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों में चेन को 8-7 की मामूली बढ़त हासिल है।
आयुष की फरहान के खिलाफ असाधारण वापसी
उधर कोर्ट नंबर एक पर विश्व नंबर 23 आयुष शेट्टी ने इंडोनेशिया के पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन अल्वी फरहान को 17-21, 21-5, 21-17 से हराकर पुरुष एकल के पहले दौर के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम दिया। 57 मिनट तक चले मुकाबले में शेट्टी पहला गेम हार गए थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा। निर्णायक गेम में उन्होंने धैर्य बनाए रखा और यादगार जीत दर्ज की।
Alwi Farhan 🇮🇩 contends against Ayush Shetty 🇮🇳 in round of 32.#BWFWorldTour #ChinaOpen2026 pic.twitter.com/jatdCt6ibM
— BWF (@bwfmedia) July 22, 2026
युगल में कोर्ट पर उतरीं सभी भारतीय जोड़ियां बाहर
हालांकि युगल में आज कोर्ट पर उतरीं सभी भारतीय जोड़ियां बाहर हो गईं। पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन व एम आर अर्जुन को चीन के लियांग वेई केंग व वांग चांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। कोर्ट नंबर एक पर दिन के सातवें मैच में भारतीय जोड़ी सिर्फ 26 मिनट में 16-21, 7-21 से मुकाबला हार गई।
मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी को कोर्ट नंबर एक पर ही दिन के पहले मैच में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के फेंग यान झे व हुआंग डोंग पिंग की जोड़ी से 37 मिनट में 9-21, 16-21 से हार मिली। वहीं कोर्ट नंबर तीन पर दिन के पहले मैच में ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो को पांचवीं वरीय चीनी जोड़ी गुओ शिन वा व चेन फांग हुई के खिलाफ 41 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 18-21 से पराजय मिली।
