Delhi Metro: सुरक्षा के चलते 16 मेट्रो स्टेशन बंद, जानें किन-किन स्टेशनों पर लगा प्रतिबंध
नई दिल्ली, 23 जुलाई। राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गुरुवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।
डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
यह लगातार दूसरा दिन है जब सुरक्षा कारणों से इन स्टेशनों को बंद किया गया है। इससे पहले बुधवार को भी यही 16 स्टेशन बंद रखे गए थे। वहीं, रविवार को भी जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, बाद में कुछ स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा बहाल कर दी गई थी।
उधर, संसद तक कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मार्च के दौरान हुई हिंसा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं के मामले में दिल्ली पुलिस अब तक 10 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि अलग-अलग घटनाओं की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
