IPL के पहले चेयरमैन ललित मोदी को ED केस में राहत, 16 वर्षों बाद भारत लौटने का किया एलान
नई दिल्ली, 22 जुलाई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के कमाऊ पूत यानी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पहले चेयरमैन ललित मोदी को 2009 आईपीएल-साउथ अफ्रीका FEMA मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators-Forfeiture of Property-Act) के अपीलीय ट्रिब्यूनल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकतर निष्कर्षों और लगाए गए जुर्मानों को रद कर दिया है।
‘16 वर्षों से जिस सच की बात मैं करता रहा, उस पर अदालत की मुहर लग गई’
अपीलीय ट्रिब्यूनल के फैसले के बाद ललित मोदी ने कहा कि 16 वर्षों से जिस सच की बात वह लगातार करते रहे, अब उस पर अदालत की मुहर लग गई है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा – ‘मैं इस फैसले से बेहद खुश हूं। कल का दिन मेरे लिए शानदार रहा। पिछले 16 वर्षों से मैं यह लड़ाई लड़ रहा था। मीडिया और सभी लोगों से मैं जो कुछ कहता रहा, आखिरकार वही सच साबित हुआ। मुझे खुशी है कि ट्रिब्यूनल ने मेरे पक्ष में फैसला सुनाया।
I am really looking forward to returning to India after a long long time. Stay well and stay safe 🙏🏽 https://t.co/29AaVrxF6V
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) July 22, 2026
‘अब IPL अध्याय खत्म हो चुका है और मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं’
ललित मोदी ने कहा, ‘मेरा मकसद हमेशा आईपीएल का हित रहा। मेरी चिंता सिर्फ आईपीएल की भलाई को लेकर थी। मेरे लिए इससे बढ़कर कुछ नहीं था। अब वह अध्याय खत्म हो चुका है और मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं।’
भारत वापसी को लेकर ललित मोदी ने कहा कि अब वह देश लौटने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया, ‘मैं इस साल के आखिर तक या फिर अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की प्लानिंग कर रहा हूं। अक्टूबर में मेरी बेटी मां बनने वाली है और मैं नाना बनने वाला हूं। उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा और उसके बाद मैं भारत वापस आऊंगा।’
दरअसल, SAFEMA के अपीलीय ट्रिब्यूनल ने 2009 में आईपीएल के दूसरे सीजन को दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किए जाने से जुड़े FEMA मामले में ललित मोदी और अन्य अपीलकर्ताओं को बड़ी राहत दी है। ट्रिब्यूनल ने ED के अधिकतर निष्कर्षों और लगाए गए जुर्मानों को निरस्त कर दिया। यह मामला लंबे समय से लीगल प्रोसेस में था और अब आए इस फैसले को ललित मोदी के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है।
ललित मोदी 2010 में भारत छोड़ने के बाद से इंग्लैंड में रह रहे हैं। उन पर वित्तीय अनियमितताओं और FEMA नियमों के उल्लंघन से जुड़े कई आरोप लगे थे। हालांकि, ताजा फैसले के बाद उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि अब वह भारत लौटकर अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करना चाहते हैं।
