जंतर-मंतर के पास फिर बवाल : प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच तीखी झड़प, एसीपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल

नई दिल्ली, 22 जुलाई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले जारी प्रदर्शन के दौरान बुधवार रात एक बार प्रदर्शकारियों व पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। उपद्रवियों ने जंतर-मंतर के पास टॉलस्टॉय मार्ग से संसद मार्ग के बीच रात करीब साढ़े आठ बजे के पुलिस पर हमला बोल दिया। इस हमले में एसीपी समेत करीब दर्जन भर पुलिसकर्मी और आरएएफ के जवान घायल हो गए।

प्रदर्शनकारियों का टॉलस्टॉय मार्ग पर पुलिस व आरएएफ के जवानों पर हमला

दिल्ली पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों का यह ग्रुप अचानक से टॉलस्टॉय मार्ग पहुंचा, जहां पहले से तैनात पुलिसकर्मियों और आरएएफ के जवानों पर पथराव शुरू कर दिया। हिंसा करने वाले कुछ उपद्रवियों के हाथ में तलवार, डंडे, पत्थर और खुखरी थे।

पत्थर व बोतल फेंक रहे उपद्रवियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा गया

इसके बाद आरएएफ और पुलिस की टीमें भी एक्टिव हुई। मौके पर अतिरिक्त सुरक्षाबल को बुला लिया गया और सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर व बोतल फेंक रहे उपद्रवियों पर लाठी भांजते हुए उन्हें खदेड़ा गया। इस दौरान आंसू गैस के एक-दो गोले भी छोड़ने पड़े। कुछ प्रदर्शनकारियों ने हाथ में डंडा लिया था, जिससे उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की जवाबी काररवाई से उपद्रवी मौके से फरार हो गए। स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस और आरएएफ की अतिरिक्त टीमों को मौके पर तैनात कर दिया गया है।

हिंसा में दर्जनभर पुलिसकर्मियों व आरएएफ के जवानों को चोट

दिल्ली पुलिस के अनुसार हिंसा में करीब दर्जनभर पुलिसकर्मियों व आरएएफ के जवानों को चोट आई है। इसमें से दो सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), दो इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। आनन-फानन में सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपद्रवियों की इस भीड़ ने अचानक पुलिसकर्मियों पर पत्थर और बोतल से हमला किया तो एसीपी कनॉट प्लेस भी घायल हो गए। उनको खुद सीनियर अफसर आरएमएल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील का रहा है।

पुलिस का दावा – उपद्रवियों ने तलवार और खुखरी भी लहराए

पुलिस ने यह भी दावा किया है कि हिंसा के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी तलवार और खुखरी लहराते हुए दिखाई दिए। इस कारण सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त सतर्कता बरती और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

असामाजिक तत्वों के कारण ही स्थिति ज्यादा तनावपूर्ण

पुलिस के अनुसार ऐसी खुफिया जानकारी सामने आ रही है कि भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व भी रात के वक्त आ रहे हैं। बाहरी असामाजिक तत्वों के कारण ही स्थिति ज्यादा तनावपूर्ण हो रही है। हालांकि टॉलस्टॉय मार्ग और आसपास के इलाके में अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। लेकिन दिल्ली पुलिस और आरएएफ के जवानों का भारी जमावड़ा इलाके में बढ़ा दिया गया है। पुलिस लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की बार-बार अपील कर रही है। बहरहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

अभिजीत दीपके ने किया प्रदर्शन जारी रखने का एलान

उधर जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन कर रहे अभिजीत दीपके ने साफ कर दिया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हो जाता, प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा है कि सोनम वांगचक की भूख हड़ताल बेकार नहीं जाने देंगे। ऐसे में जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मान लेती, ये प्रदर्शन जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular