Site icon hindi.revoi.in

महाराष्ट्र : परभणी में हनुमान मंदिर की छत गिरी, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 40 अन्य घायल

Social Share

परभणी (महाराष्ट्र), 20 जून। महाराष्ट्र के परभणी जिले स्थित यशवाड़ी देवस्थान के हनुमान मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। अपराह्न मंदिर परिसर के सभा मंडप की छत अचानक ढह जाने से कम से कम छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि लगभग 40 अन्य लोग घायल हो गए।

सभा मंडप की निर्माणाधीन छत ढहने से हुआ हादसा

हादसे के समय मंदिर में कीर्तन और महाप्रसाद का कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मंदिर के सामने स्थित सभा मंडप में निर्माण कार्य जारी था और इसी दौरान उसकी छत भरभराकर गिर गई। मलबे, लोहे की रॉड और पत्थरों के नीचे कई लोग दब गए। पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल ने मौके पर अभियान चलाया घायलों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा परभणी जिले के छत्रपति शिवाजीनगर से करीब 190 किमी दूर मानवत रोड पर स्थित यशवाड़ी गांव में शनिवार को एक हनुमान मंदिर में हुआ, जब ‘मंदिर के ‘सभा-मंडप’ की छत दोपहर करीब 3.30 बजे अचानक गिर पड़ी।

यह मंदिर बहुत पुराना और हर शनिवार को बड़ी संख्या में भक्त यहां आते हैं। हालांकि, दो दिनों में गर्मी के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। एक अधिकारी ने बताया कि बचाव दल ने मलबे के नीचे दबे करीब 25 लोगों को बाहर निकाला।

सीएम फडणवीस ने जताया दुख, आर्थिक मदद की घोषणा की

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने X पर पोस्ट किया, ‘परभणी जिले के यशवाड़ी में स्थित हनुमान मंदिर में निर्माणाधीन छत का एक हिस्सा गिरने से कुछ श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु हो गई। मैं दिवंगत श्रद्धालुओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिजनों के साथ खड़े हैं। हादसे में घायल हुए लोगों का उपचार जारी है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। सीएम फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

पीएम मोदी ने जताया शोक

वहीं  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, ‘महाराष्ट्र के परभणी में हुई दुर्घटना से मैं बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है। मृतकों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’

Exit mobile version