Site icon hindi.revoi.in

अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज : रोहित शर्मा व विराट कोहली वनडे टीम में शामिल, बुमराह टेस्ट टीम से बाहर

Social Share

गुवाहाटी, 19 मई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगले माह एक टेस्ट व तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की घरेलू सीरीज के लिए मंगलवार को यहां भारतीय टीम की घोषणा कर दी। दो पूर्व कप्तानों – रोहित शर्मा व विराट कोहली वनडे टीम में शामिल किया गया है, लेकिन जसप्रीत बुमराह टेस्ट टीम में जगह नहीं पा सके।

राहुल टेस्ट टीम के उप कप्तान, एक दिनी में श्रेयस होंगे गिल के नायब

शुभमन गिल छह जून से प्रस्तावित एकलौते टेस्ट और उसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। केएल राहुल को ऋषभ पंत की जगह टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम उप-कप्तान बनाया गया है जबकि श्रेयस अय्यर वनडे टीम में गिल के नायब के रूप में भूमिका निभाएंगे।

टेस्ट टीम में मानव सुथार, गुरुनूर बराड़ व हर्ष दुबे नए चेहरे

देखा जाए तो जसप्रीत बुमराह के अलावा रवींद्र जडेजा को भी टेस्ट मैच से आराम दिया गया है। बुमराह के अलावा टेस्ट टीम से बाहर किए गए अन्य खिलाड़ियों में बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल व तेज गेंदबाज आकाश दीप शामिल हैं। बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है जबकि एक और वामहस्त स्पिनर हर्ष दुबे को भी टीम में जगह मिली है। यह भारत का पहला टेस्ट मैच है, जो पिछले नवम्बर में दक्षिण अफ्रीका के हाथों घरेलू मैदान पर 0-2 से हार के बाद खेला जा रहा है।

प्रिंस यादव, बराड़ व दुबे पहली बार एक दिनी टीम में भी शामिल

तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और बराड़ और दुबे को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने इस फॉर्मेट में वापसी की है जबकि ध्रुव जुरेल, आयुष बडोनी, पंत, जडेजा, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज को उस टीम से बाहर कर दिया गया है, जो जनवरी में घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-2 वनडे सीरीज हार गई थी।

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि एक दिनी टीम में शामिल किए गए रोहित शर्मा व हार्दिक पंड्या की उपलब्धता उनके फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर करेगी। अगरकर ने यह भी बताया कि केएल राहुल और ईशान किशन विकेटकीपिंग के विकल्प के रूप में मौजूद हैं।

टेस्ट टीम : शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उप कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे व ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।

वनडे टीम : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा*, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या*, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ व हर्ष दुबे।

सीरीज का कार्यक्रम

Exit mobile version