गॉल टेस्ट : दूसरे दिन भी बारिश का दखल, पडिक्कल का शतक 167 पर थमा, टीम इंडिया 9-460 रनों तक पहुंची

गॉल, 16 अगस्त। भारत व श्रीलंका के बीच खेले जा रहे प्रथम क्रिकेट टेस्ट के दौरान गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में लगातार दूसरे दिन बारिश का दखल देखने को मिला। इस क्रम में रविवार को पहले सत्र का खेल जहां पूरी तरह धुल गया वहीं दूसरे सत्र अधूरा रहा और दिनभर में कुल 43 ओवरों का खेल संभव हो सका।

ध्रुव जुरेल ने भी जड़ा अर्धशतक

फिलहाल इंद्रदेव के कोप से अविचलित शतकवीर बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की पारी 167 रनों (230 गेंद, एक छक्का, 15 गेंद) पर जाकर थमी। वहीं उनके बाद ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक (51 रन, 68 गेंद, एक छक्का, चार चौके) जड़ते हुए साथी बल्लेबाजों संग रन प्रवाह जारी रखा। अंततः दूसरे दिन स्टंप्स उखाड़े गए तो टीम इंडिया नौ विकेट पर 460 रनों के भारी भरकम स्कोर तक जा पहुंची थी। खेल समाप्ति के समय कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा एक रन बनाकर क्रीज पर थे।

श्रीलंकाई स्पिनरों-जयसूर्या व नुवांथा ने बांटे 7 विकेट

हालांकि श्रीलंकाई स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि वामहस्त स्पिनर प्रबाथ जयसूर्या (4-109) व प्रथम प्रवेशी ऑफ स्पिनर केशरा नुवांथा (3-175) ने आपस में मिलकर सात विकेट बांटे। यह अलग बात है कि वे काफी खर्चीले भी रहे।

अब भारतीय स्पिनर्स पर निगाहें

फिलहाल अब बारी भारतीय गेंदबाजों की है, जिनमें रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव व मानव सुथार के रूप में तीन वामहस्त स्पिनर्स शामिल हैं। यह देखना दिलचस्प रहेगा कि बोर्ड पर पर्याप्त स्कोर टंगने के बाद बचे तीन दिनों में मेहमान गेंदबाज 20 श्रीलंकाई विकेट गिराकर भारत को उसके 600वें टेस्ट में यादगार जीत दिलाने में कामयाब हो पाते हैं अथवा नहीं।

बारिश से पहला सत्र धुल गया

लगातार बारिश और मैदान गीला होने के कारण दिन का खेल लंच के बाद दोपहर 2.35 बजे शुरू हो सका। लंबे अंतराल के बाद उतरे श्रीलंकाई गेंदबाजों ने पहले दिन की तुलना में बेहतर लाइन और लेंग्थ के साथ गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल कर दिया।

स्कोर कार्ड

भारत ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 288 रनों से की थी और उसके पास बड़ा स्कोर खड़ा करने का शानदार मौका था। टीम ने हालांकि 172 रन जोड़कर सात विकेट गंवा दिए। कुछ विकेट श्रीलंकाई स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी से आए जबकि कुछ भारतीय बल्लेबाजों की गलतियों का नतीजा रहे।

पडिक्कल व पंत के बीच 71 रनों की साझेदारी

पिछली शाम 131 रनों के स्कोर से आगे खेलने उतरे पडिक्कल ने तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर चौका लगाकर 215 गेंदों पर अपना पहला 150 रन पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि पर पहुंचने से पहले ही भारत को ऋषभ पंत (39 रन, 62 गेंद, एक छक्का, चार चौके) के रूप में बड़ा झटका लग चुका था। दिन की शुरुआत 27 रनों से करने वाले पंत को केशरा नुवांथा ने कैच करा 71 रनों की भागीदारी तोड़ी।

अर्धशतकवीर राहुल पिछली शाम के स्कोर में 5 रन जोड़ सके

पहले दिन बांह में ऐंठन के कारण 77 रनों पर रिटायर हर्ट हुए राहुल (82 रन, 175 गेंद, एक छक्का, 10 चौके) उतरे तो अपने स्कोर में सिर्फ पांच रन जोड़ सके और नुवांथा के ही शिकार बने। सिर्फ 12 रन देकर दो बड़े विकेट हासिल करने से श्रीलंकाई गेंदबाजों का आत्मविश्वास बढ़ा। इस क्रम में चाय से ठीक पहले जयसूर्या ने पडिक्कल का भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल कर लिया। इस वामहस्त बल्लेबाज को जयसूर्या ने फ्लाइट से चकमा दिया और विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने उन्हें स्टंप कर दिया।

ध्रुव के बल्ले से आठ पारियों के बाद निकला पचासा

भारत चाय तक 94 ओवरों में पांच विकेट पर 364 रन बना चुका था। इसके बाद रवींद्र जडेजा (13) को नुवांथा ने पगबाधा किया। हालंकि पिछले कुछ मैचों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे जुरेल ने शानदार वापसी करते हुए उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेली। 29 रनों के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान पाने वाले जुरेल के बल्ले से आठ पारियों के बाद अर्धशतक निकला।

जुरेल ने सुथार संग सातवें विकेट पर जोड़े 55 रन

जुरेल ने मानव सुथार (24 रन, 43 गेंद, दो चौके) के साथ सातवें विकेट के लिए 55 रन जोड़े। जयसूर्या ने जुरेल की पारी पर विराम लगाया तो सुथार ने मोहम्मद सिराज (11) के साथ स्कोर को 447 रनों तक पहुंचाया। लेकिन इसी स्कोर पर दोनों बल्लेबाज आउट हो गए। हालांकि कुलदीप व प्रसिद्ध ने बचीं 17 गेंदों पर अपना विकेट बचाए रखा।

RELATED ARTICLES

Most Popular