बैंकॉक से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान में अचानक आई खराबी, रनवे के पास लगाना पड़ा इमरजेंसी ब्रेक

नई दिल्ली, 15 अगस्त। बैंकॉक से नई दिल्ली की एअर इंडिया उड़ान (AI 2335) में गुरुवार को अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे टेकऑफ के ठीक पहले रनवे के पास इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोकना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉकपिट क्रू को विमान की तकनीकी खराबी का पता चला था, जिसके बाद पायलट ने उड़ान रद करने का फैसला लिया। विमान में 250 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें उनके निर्धारित समय से लगभग 24 घंटे बाद शुक्रवार शाम को दिल्ली लाया जा सका।

उड़ान को रद किए जाने के बाद इंटरनेट मीडिया पर तकनीकी खराबी को विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में हुई गड़बड़ी बताया गया, लेकिन एअर इंडिया ने इससे साफ साफ इनकार करते हुए कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं था। गड़बड़ी को उसी दिन दो से तीन घंटे में ठीक करा लिया गया। अगले दिन उस विमान का उड़ान में इस्तेमाल भी हुआ।

टेकऑफ के समय लगा तेज झटका, सहम गए यात्री

सूत्रों का कहना है कि विमान टेकऑफ के लिए रनवे की ओर बढ़ ही रहा था कि अचानक एक तेज आवाज के साथ ब्रेक लगे। झटके का असर काफी ज्यादा था, लेकिन सभी यात्रियों द्वारा सीट बेल्ट बांधे रखने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद रनवे की ओर रेस्क्यू गाड़ियां और एम्बुलेंस पहुंचीं। इस उड़ान के यात्रियों को ब्रेक लगने के बाद काफी देर तक विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया।

इकोनॉमी क्लास के यात्रियों को होटल में ठहराया गया

यात्रियों को बाद में टर्मिनल पर ले जाया गया, जहां से बिजनेस क्लास के यात्रियों को उसी रात दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया जबकि इकोनॉमी क्लास के यात्रियों को होटल में ठहराया गया। यह विमान आखिरकार शुक्रवार शाम दिल्ली के लिए रवाना हो सका।

एअर इंडिया का कहना है कि वह विमान उसी दिन उड़ान भरने के लिए तैयार था, लेकिन विमान पर तैनात क्रू की डयूटी समाप्त हो चुकी थी, लिहाजा अगले दिन विमान का इस्तेमाल उड़ान के लिए हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular