वाराणसी, 16 अगस्त। काशी पत्रकार संघ से संचालित वाराणसी प्रेस क्लब की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पराड़कर स्मृति भवन में सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अन्नपूर्णा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संघ की सदस्य 10 महिला पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
इन महिला पत्रकारों का किया गया सम्मान
समारोह में डॉ. प्रभा रानी, मीरा वोहरा, मनीषा चौरसिया, निधि मिश्रा, काजल सेठ समेत 10 महिला पत्रकारों को सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों अंकिता चौधरी और आर्यन चौधरी को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह ने पराड़कर स्मृति भवन में सोलर सिस्टम लगाने की घोषणा की
गर्दे सभागार में उपस्थित पत्रकारों व उनके परिजनों एवं आमंत्रित अतिथियों के सम्मुख अन्नपूर्णा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज महिला पत्रकारों का सम्मान कर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने पराड़कर स्मृति भवन में अपनी निधि से सोलर सिस्टम लगवाने की घोषणा भी की।

मेयर अशोक तिवारी ने ‘बदलती काशी की तस्वीर’ विषयक ईनामी फोटोग्राफी प्रतियोगिता की घोषणा की
समारोह के मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी ने सम्मानित महिला पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि बदलते बनारस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाना चाहिए। वाराणसी प्रेस क्लब के अध्यक्ष चंदन रूपानी ने उनके प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए कहा कि छायाकार इसके लिए तैयार हैं। मेयर ने शिरकत करने वाले उत्कृष्ट फोटोग्राफरों को नगद राशि से सम्मानित करने की घोषणा की।
समारोह के दौरान एसएसपीजी हॉस्पिटल में पत्रकारों के लिए अलग से काउंटर खोले जाने पर अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार का भी स्वागत मेयर ने किया। साथ ही संघ भवन में अग्निशमन यंत्र लगवाने वाले काशी केराना व्यापार मंडल के महामंत्री संजय केशरी, उपाध्यक्ष महेंद्र केशरी, मंत्री अजय गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र व महामंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव ने महापौर अशोक तिवारी का स्वागत किया जबकि प्रेस क्लब अध्यक्ष चंदन रूपानी व मंत्री विनय शंकर सिंह ने एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह का स्वागत किया।

सम्मान समारोह के बाद सांस्कृतिक संध्या में आलोक मालवीय और गायक योगेश फिलिप ने देशभक्ति गीतों तथा दो बालिकाओं संस्कृति और स्वीकृति ने नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन वाराणसी प्रेस क्लब के मंत्री विनय शंकर सिंह ने किया। धन्यवाद काशी पत्रकार संघ के महामंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव ने दिया। इससे पहले पूर्वाह्न नौ बजे पराड़कर स्मृति भवन में काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र ने ध्वजारोहण किया।
समारोह में संघ के पूर्व अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्त, कृष्णदेव नारायण राय, डा. अत्रि भारद्वाज, पूर्व महामंत्री अखिलेश मिश्रा, उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला, पुरुषोत्तम चतुर्वेदी, क्लब के कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता, अजय राय, कृष्ण बहादुर रावत, कैलाश यादव, दीनबन्धु राय, रवीन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, डा. नागेन्द्र पाठक, नरेन्द्र यादव, रोहित चतुर्वेदी, पंकज त्रिपाठी, सुरेश गांधी, ओंकार तिवारी, अमित शर्मा, डा. जिनेश कुमार, जावेद, मनोज राय, संजय गुप्ता, राकेश सिंह, उमेश गुप्ता, शैलेश चौरसिया, प्रदीप सिंह, राजेश यादव, विनोद यादव, प्रतीक रंजन श्रीवास्तव, समेत पत्रकार साथी व विशिष्ट जन मौजूद रहे।

