नगर, 31 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 426.71 करोड़ रुपये की लागत वाली 31 पर्यटन और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, पीएम मोदी सुबह करीब 9 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचेंगे। यहां वे 307.83 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 23 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि 118.88 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य एकता नगर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
50 करोड़ का आईआरसीटीसी होटल और एकता क्रूज भी शामिल
प्रधानमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज, 14.30 करोड़ रुपये का रेन फॉरेस्ट अट्रैक्शन और 3.67 करोड़ रुपये की इको ट्रेल शामिल हैं। इसके अलावा सीवेज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ट्रैवलेटर, परेड ट्रैक, स्टाफ क्वार्टर और सड़कों के सुधार से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में फसाड लाइटिंग और एकता प्रकाश पर्व के विकास से जुड़ी योजनाएं भी इस पैकेज का हिस्सा हैं।
एकता प्रकाश पर्व में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता
सरदार पटेल की जयंती से एक दिन पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने नर्मदा जिले के एकता नगर में आयोजित ‘एकता प्रकाश पर्व-2026’ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रोशनी से सजे प्रदर्शनों के जरिए देश के चारों क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं और विविधता को करीब से देखा। इल्युमिनेशन फेस्टिवल के इनडोर सेक्शन को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले चार अलग-अलग जोन में बांटा गया है। इन प्रदर्शनों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय परंपराओं को दर्शाया गया है।
रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी करेंगे दौरा
शनिवार को प्रधानमंत्री रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे वे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की ओर से एकता परेड आयोजित की जाएगी।
‘नक्सल मुक्त भारत’ पर होगी विशेष नाट्य प्रस्तुति
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर विशेष नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे। वहीं, समारोह में प्रस्तुत की जाने वाली झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘वंदे मातरम्’ की थीम पर आधारित होंगे। देशभर से आए लगभग 5,000 कलाकार एक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से भारत की एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देंगे।


