मनीला, 16 नवम्बर। 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भागीदारी के लिए फिलीपींस की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में सोमवार को राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस जूनियर ने विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान पीएम मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष औपचारिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनकर पहुंचे। उन्होंने रात्रिभोज स्थल तक पहुंचने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए बैटरी चालित ऑटो रिक्शा की सवारी भी की।

राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी ने किया गर्मजोशी से स्वागत
राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और फर्स्ट लेडी लुईस अरनेटा-मार्कोस ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष औपचारिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनी हुई थी, जो इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
खास ऑटो रिक्शा से पहुंचे रात्रिभोज स्थल
प्रधानमंत्री मोदी ने रात्रिभोज परिसर तक पहुंचने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए बैटरी से चलने वाले ऑटो रिक्शा की सवारी की। यह ऑटो रिक्शा विशेष अतिथियों के स्वागत और उनके आवागमन के लिए तैयार किया गया था।
पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस वर्ष 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के रूप में इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
मनीला में भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत
इससे पहले मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। इस पर आभार जताते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों से मिलकर उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि समुदाय के लोगों ने उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। यह देखकर अच्छा लगा कि भारतीय मूल के लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए रखने के साथ भारत और फिलीपींस के संबंधों को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Landed in Manila, Philippines a short while ago.
Very happy to meet the Indian community, which accorded a very warm welcome.
It is wonderful to see our diaspora preserve Indian culture and at the same time, work towards bringing our nations closer.
The programme offered a wonderful glimpse of the deep cultural connections between India and the Philippines.
Saw replicas of the Golden Tara of Agusan and the historic Laguna Copperplate Inscription dating back to the 9th and 10th centuries.
It was particularly special to witness children from both countries recite the Purna Kumbha Shloka, followed by energetic Bollywood and Bhangra performances.
— Narendra Modi (@narendramodi) November 16, 2026
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखी भारत-फिलीपींस की दोस्ती
प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि कार्यक्रम में भारत और फिलीपींस के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की सुंदर झलक देखने को मिली। इस दौरान ‘अगुसान की गोल्डन तारा’ और 9वीं-10वीं सदी के ऐतिहासिक ‘लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख’ की प्रतिकृतियां भी प्रदर्शित की गईं। कार्यक्रम का सबसे खास पल तब रहा, जब दोनों देशों के बच्चों ने मिलकर पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया। इसके बाद बॉलीवुड और भांगड़ा की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। उन्होंने इसे भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव, दोस्ती और लोगों के बीच मजबूत संबंधों का बेहतरीन उदाहरण बताया।
एक्ट ईस्ट पॉलिसी और इंडो-पैसिफिक विजन को मिलेगी मजबूती
पीएम नरेंद्र मोदी के मनीला पहुंचने की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘इंडो-पैसिफिक विजन’ के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में आसियान के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करेगी।
आसियान-भारत साझेदारी की प्रगति की होगी समीक्षा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के क्रियान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें ‘आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030’ भी शामिल है। इसके साथ ही भविष्य में सहयोग की प्राथमिकताओं और दिशा पर भी चर्चा होगी।
पीएम मोदी का मनीला में भव्य स्वागत, गूंजे ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे
मंत्रालय ने कहा कि भारत-आसियान संबंध देश की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत के विजन का प्रमुख आधार हैं। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। इसके अलावा, वर्ष 2027 में दोनों के संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होंगे।
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान और अन्य भागीदार देशों को क्षेत्रीय तथा वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करेगा। इस मंच पर क्षेत्रीय सहयोग, शांति, स्थिरता और साझा चुनौतियों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।


