अयोध्या/नई दिल्ली, 22 नवम्बर। प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने जा रहा है। इस क्रम में भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारम्भ सोमवार को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए उनके नेपाली समकक्ष बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रेलवे के अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
साप्ताहिक ट्रेन में 28 नवम्बर से आम श्रद्धालु कर सकेंगे सफर
अयोध्या से जनकपुर धाम तक सीधी ट्रेन सेवा में 28 नवम्बर से आम श्रद्धालु यात्रा कर सकेंगे। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी। यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह रेलसेवा सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार और जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को ट्रेन रवाना होगी।

सोमवार शाम अयोध्या से जनकपुर के लिए प्रस्थान
गाड़ी संख्या 15596 अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी। अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। रास्ते में गोरखपुर में रात 10:13 बजे, नरकटियागंज में मंगलवार रात 1:50 बजे, सीतामढ़ी में सुबह 4:42 बजे और जयनगर में सुबह 8:30 बजे आगमन होगा।
वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। इस दौरान गोरखपुर में रविवार सुबह 3:55 बजे ट्रेन का आगमन निर्धारित है।
17 कोच के आधुनिक एलएचबी रैक से होगा संचालन
सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें आठ वातानुकूलित कोच, सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में प्रत्येक में 52 बर्थ, एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था होगी। सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ तथा एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध होंगी। एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच विद्युत उत्पादन के लिए लगाया गया है।
10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
इस रेलसेवा को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित कुल 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
रामायण कालीन संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
अयोध्या और जनकपुर धाम रामायण कालीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। अयोध्या प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि है जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों नगरों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन सुगम होगा। रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच बेहतर रेल संपर्क से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों तथा रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। यह रेलसेवा भारत-नेपाल मैत्री, सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी।
VIDEO | Uttar Pradesh: Prime Minister Narendra Modi and Nepal Prime Minister Balendra Shah are scheduled to virtually flag off the new weekly train service between Ayodhya and Janakpur Dham on November 23, 2026.
Ayodhya DM Shashank Tripathi said, “Tomorrow, an event is scheduled here under the Ministry of Railways, during which a train will depart from Ayodhya Dham for Janakpur, Nepal. In a way, this train will operate between two countries. According to the information we have, the proposed train will be flagged off from Delhi by PM Modi and the Nepal PM Balen Shah. Chief Minister Yogi Adityanath’s participation is also scheduled here in Ayodhya Dham for this occasion. In this regard, inspections were carried out yesterday and the day before, and today all officials have gathered once again to review the event preparations.”
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 22, 2026
मुख्यमंत्री योगी के दौरे से पहले डीएम ने परखीं तैयारियां
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे और रेलसेवा के शुभारंभ कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के साथ अयोध्या के विकास कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं। रेलसेवा शुरू होने से दोनों देशों के यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।


