1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ईरान के विदेश मंत्री अराघची 24 घंटे में दोबारा इस्लामाबाद पहुंचे, ट्रंप ने कहा – ‘युद्ध जल्द खत्म होगा और हम जीतेंगे’
ईरान के विदेश मंत्री अराघची 24 घंटे में दोबारा इस्लामाबाद पहुंचे, ट्रंप ने कहा – ‘युद्ध जल्द खत्म होगा और हम जीतेंगे’

ईरान के विदेश मंत्री अराघची 24 घंटे में दोबारा इस्लामाबाद पहुंचे, ट्रंप ने कहा – ‘युद्ध जल्द खत्म होगा और हम जीतेंगे’

0
Social Share

इस्लामाबाद, 26 अप्रैल। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची 24 घंटे से भी कम समय में रविवार की रात फिर पाकिस्तान पहुंच गए हैं। अराघची शनिवार को ही इस्लामाबाद से ओमान गए थे और आज दिन में मस्कट में उन्होंने ओमान के सुल्तान और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अराघची इस्लामाबाद में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मॉस्को के लिए रवाना होंगे।

अराघची ने आसिम मुनीर से की मुलाकात

दोबारा इस्लामाबाद पहुंचने के बाद अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। समझा जाता है कि ईरानी विदेश मंत्री अमेरिका के साथ शांति वार्ता फिर से शुरू करने के लिए अपनी सरकार द्वारा प्रस्तावित रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे। इससे पहले जब राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूतों की इस्लामाबाद यात्रा रद की थी तो उनका कहना था कि इसका मतलब शत्रुता से नहीं लगाया जाना चाहिए।

ट्रंप बोले – ईरानी बात करना चाहते हैं तो वे संवाद कर सकते हैं

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा कि ‘ईरान के साथ युद्ध जल्द ही समाप्त हो जाएगा और उनका देश जीत हासिल करेगा।’ ट्रंप ने यह भी कहा, ‘ईरानी बात करना चाहते हैं, तो वे संवाद कर सकते हैं।’

इसके पूर्व शनिवार को ट्रंप ने पाकिस्तान में ईरान जंग पर होने वाली संभावित अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की बैठक रद कर दी थी। यह फैसला उस समय किया गया, जब ईरान का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद से निकल चुका था। ट्रंप ने कहा था कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर का इसमें बहुत ज्यादा समय बर्बाद होगा। उन्होंने साथ ही यह भी भी कहा था कि यदि ईरान बातचीत करना चाहता है तो उसे बस फोन करना होगा।

इस बीच बीबीसी की अरबी सेवा की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में सरकारी सूत्रों ने रविवार को रॉयटर्स को बताया कि अमेरिकी सेना ने इस्लामाबाद से सुरक्षा उपकरण हटा लिए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि जल्द ही बातचीत के लिए कोई अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल लौटने की संभावना नहीं है।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code