1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : सत्र में पहली बार सुपर ओवर से फैसला, LSG के खिलाफ KKR की रोमांचक जीत में रिंकू की अहम भूमिका
आईपीएल-19 : सत्र में पहली बार सुपर ओवर से फैसला, LSG के खिलाफ KKR की रोमांचक जीत में रिंकू की अहम भूमिका

आईपीएल-19 : सत्र में पहली बार सुपर ओवर से फैसला, LSG के खिलाफ KKR की रोमांचक जीत में रिंकू की अहम भूमिका

0
Social Share

लखनऊ, 26 अप्रैल। अंक तालिका में निचले पायदान की दो टीमों के बीच रविवार की रात यहां न सिर्फ रोमांचक उतार-चढ़ाव व गलतियों की भरमार वाला मैच देखने को मिला वरन टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के मौजूदा सत्र में अब तक खेले गए 38 मैचों में पहली बार सुपर ओवर से फैसला हुआ, जिसमें तीन बार के पूर्व चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) को उसके घर में मायूस कर दिया।

रिंकू ने खेली आईपीएल करिअर की सर्वश्रेष्ठ पारी, फिर पकड़े चार कैच

वैसे पूरे मैच में हरफनमौला रिंकू सिंह ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने नाजुक वक्त पर आईपीएल करिअर की सर्वश्रेष्ठ पारी (नाबाद 83 रन, 51 गेंद, पांच छक्के, 11 चौके) खेली और फिर विपक्षी टीम के चार बल्लेबाजों के कैच पकड़े। बात यहीं तक सीमित नहीं रही वरन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रिंकू ने सुपर ओवर (जो दोनों पारियों में कुल मिलाकर चार गेंदों पर ही निबट गया) में भी एक शानदार कैच पकड़ने के बाद पहली ही गेंद पर विजयी चौका जड़ दिया।

मोहसिन की करिअर बेस्ट गेंदबाजी (5-23), रिंकू ने केकेआर को 155 तक पहुंचाया

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में संभल के वामहस्त पेसर मोहसिन खान की करिअर बेस्ट गेंदबाजी (5-23) के सामने पहले बल्लेबाजी पर बाध्य केकेआर की हालत पतली हो चुकी थी, जब 15 ओवरों में 93 पर सात विकेट गिर चुके थे। लेकिन रिंकू ने अकेले दम मोर्चा संभाला और टीम को सात विकेट पर 155 रनों तक पहुंचाया।

लखनऊ टीम भी पंत, मार्करम व बदोनी के प्रयासों से 155 रनों तक ही पहुंच सकी

जवाबी काररवाई में लखनऊ टीम विपक्षी गेंदबाजों की कसावट के बीच कप्तान ऋषभ पंत (42 रन, 38 गेंद, एक छक्का, चार चौके), ओपनर एडेन मार्करम (31 रन, 27 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व आयुष बदोनी (24 रन, 19 गेंद, दो छक्के) सहित अन्य बल्लेबाजों के छिटपुट प्रयासों से आठ विकेट पर 155 रनों तक पहुंची और मामला सुपर ओवर में पहुंच गया।

दोनों टीमों के लिए 20वां ओवर साबित हुआ निर्णायक

वस्तुतः सुपर ओवर से पहले निर्धारित समय में दोनों पारियों का 20वां ओवर सर्वाधिक निर्णायक साबित हुआ। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि 19 ओवरों के बाद KKR का स्कोर सात विकेट पर 129 रन था। रिंकू ने दिग्वेश राठी के ओवर में लगातार चार छक्के जड़ते हुए 26 रन बनाए और टीम का स्कोर 155 रन तक पहुंचा दिया।

वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए LSG को आखिरी छह गेंदों पर 17 रन चाहिए थे और क्रीज पर हिम्मत सिंह और मोहम्मद शमी मौजूद थे। कार्तिक त्यागी ने हिम्मत को आउट करने से पहले लगातार दो ‘बीमर’ गेंदों पर ‘नो-बॉल’ फेंकीं। लेकिन जब आखिरी गेंद पर सात रन चाहिए थे तो उन्होंने एक ‘हाफ वॉली’ गेंद फेंकी, जिसे शमी ने ‘लॉंग-ऑफ’ के ऊपर से मारकर मैच टाई करवा दिया।

सुपर ओवर में मेजबान टीम का दयनीय प्रदर्शन

फिलहाल सुपर ओवर में मेजबान टीम ने उम्मीद के विपरीत सुनील नरेन ने पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन को बोल्ड कर दिया और तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम को कैच आउट करा दिया। इन दोनों के बीच ऋषभ पंत ने एक रन बनाया।

स्कोर कार्ड

यहां भी रिंकू ने अपनी भूमिका निभाई। जब मार्करम ने नरेन की गेंद को ‘लॉंग-ऑन’ की तरफ उड़ाई तो रोवमन पॉवेल अपनी बाईं ओर तेजी से दौड़ते हुए बाउंड्री के पास गेंद पकड़ी और उसे ‘लॉं-ऑफ’ की तरफ उछाल दिया, जहां रिंकू ने कैच पूरा किया। यह उन चार कैचों के अलावा था, जो उन्होंने मैच में इससे पहले लपके थे। इसके बाद KKR की बारी आई तो उन्होंने प्रिंस यादव की पहली ही गेंद पर ‘कवर प्वॉइंट’ की तरफ विजयी चौका जड़ दिया।

केकेआर ने एलएसजी से हिसाब चुकता किया

दिलचस्प यह रहा कि केकेआर ने इस जीत के साथ खुद पर से फिसड्डी का टैग हटाया और एलएसजी के हाथों घर में मिली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया। लखनऊ ने गत नौ अप्रैल को कोलकाता में अंतिम गेंद पर तीन विकेट से जीत हासिल की थी। इसी क्रम में केकेआर (पांच अंक) आठ मैचों में दूसरी जीत के बाद मुंबई इंडियंस (सात मैचों में चार अंक) को भी पीछे छोड़ खुद आठवें स्थान पर पहुंच गया।

लखनऊ सुपर जाएंट्स की घर में लगातार चौथी हार

दूसरी तरफ लखनऊ सुपर जाएंट्स को घरेलू मैदान पर अब तक खेले गए सभी चारों मैचों में पराजय का सामना करना पड़ा है। इसी क्रम में लगातार पांचवीं और आठ मैचों में छठी हार के बाद पंत एंड कम्पनी पहली बार अंतिम स्थान पर खिसक गई है।

मोहसिन ने KKR के ओपनरों को सस्ते में आउट किया

इन सब घटनाओं से पहले 27 वर्षीय मोहसिन खान ने T20 क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेकर KKR को बैकफुट पर धकेल दिया था। पारी के दूसरे ओवर में, उन्होंने 142.4 km/h की रफ्तार वाली गेंद पर टिम साइफर्ट को ‘एक्स्ट्रा-कवर’ पर कैच आउट कराया। साइफर्ट के लिए यह लगातार दूसरा ‘डक’ (बिना कोई रन बनाए आउट होना) था और इस IPL में मोहसिन का यह तीसरा ‘विकेट-मेडन’ ओवर था। अपने अगले ओवर में, मोहसिन ने कप्तान अजिंक्य रहाणे (10 रन, 15 गेंद, एक छक्का) को निबटा दिया।

आईपीएल में भारतीय वामहस्त पेसर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

मोहसिन ने फिर सातवें ओवर में रोवमन पॉवेल (एक रन) और 11वें ओवर में लगातार गेंदों पर रिंकू के बाद दूसरे सर्वोच्च स्कोरर कैमरन ग्रीन (34 रन, 21 गेंद, तीन छक्के) व अनुकूल रॉय (शून्य) को चलता कर अपना पंजा पूरा किया। आईपीएल इतिहास में भारत के किसी वामहस्त पेसर का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।

रिंकू ने सुनील की मौजूदगी में 30 गेंदों पर ठोके 62 रन

खैर, रिंकू ने सुनील नरेन (नाबाद चार रन) को एक छोर पर खड़ा कर आठवें विकेट के लिए 30 गेंदों पर अटूट 62 रनों की इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी से टीम को 150 के पार पहुंचाया। मोहसिन के अलावा जॉर्ज लिंडे ने एक विकेट लिया।

रघुवंशी ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्डके कारण आउट करार दिए गए

केकेआर की पारी में अजीब घटनाक्रम भी देखने को मिला, जब अंगकृष रघुवंशी ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद को मिड-ऑन की तरफ धकेला और एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े। कैमरन ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया जबकि शमी ने स्ट्राइकर-एंड पर सीधा थ्रो मारने की कोशिश की। रघुवंशी ने तेजी से यू-टर्न लिया और जब वह क्रीज तक पहुंचने के लिए डाइव लगा रहे थे, तो गेंद सीधे उनके शरीर पर जा लगी।

LSG के खिलाड़ियों ने ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ की अपील की, और TV अंपायर ने उन्हें आउट करार देते हुए कहा कि बल्लेबाज़ ने ‘साफ तौर पर अपनी दिशा बदल ली थी’। रघुवंशी इस फ़ैसले से खुश नहीं थे। उन्होंने पहले तो मैदान पर मौजूद अंपायरों से बहस की और फिर बाउंड्री लाइन के पास पहुंचकर गुस्से में अपना हेलमेट जमीन पर पटक दिया।

पंत व मार्करम ने की इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी

वहीं आसान लक्ष्य के सामने लखनऊ की पारी में मिचेल मार्श (दो रन) का विकेट दूसरे ही ओवर में गिरने के बाद मार्करम व पंत ने 55 गेंदों पर 57 रन जोड़े, जो पारी की सबसे बड़ी भागीदारी साबित हुई। इन दोनों के अलावा बदोनी, हिम्मत सिंह (19 रन, 10 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व मो. शमी (नाबाद 11 रन, छह गेंद, एक छक्का, एक चौका) दहाई में पहुंचे। वैभव अरोड़ा व वरुण चक्रवर्ती ने क्रमशः 24 व 33 रन देकर आपस में चार विकेट बांटे जबकि अनुकूल रॉय, कैमरन ग्रीन, सुनील नरेन व कार्तिक त्यागी को एक-एक सफलता मिली।

सोमवार का मैच : दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (नई दिल्ली, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code