एशियाई खेलों में भारत शर्मसार : मलेशियाई महिला हॉकी अधिकारी और होटल स्टाफ के साथ यौन दुर्व्यवहार में अम्पायर सांघा को स्वदेश भेजा गया

नई दिल्ली, दो अक्टूबर। आइची-नागोया एशियाई खेलों में एक शर्मनाक घटनाक्रम में भारतीय हॉकी अंपायर और तकनीकी अधिकारी गुरिंदर सिंह सांघा को जापान से वापस स्वदेश लौटा दिया गया है।

हॉकी इंडिया के सूत्र ने बताया कि एशियाई खेलों के दौरान मलेशिया की एक महिला हॉकी अधिकारी और होटल स्टाफ के साथ कथित तौर पर यौन दुर्व्यवहार व बदसलूकी की शिकायत के बाद सांघा वापस भेजने का निर्णय किया गया।

नागोया में मौजूद हॉकी इंडिया के अधिकारी ने कहा, ‘मलेशिया की एक महिला अधिकारी द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत मिलने के बाद सांघा को दो दिन पहले वापस भेज दिया गया है।’ यह पूछने पर कि क्या हॉकी इंडिया खेलों के बाद उनके खिलाफ काररवाई करेगा, अधिकारी ने कहा कि एशियाई हॉकी महासंघ (AHF) से विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद काररवाई की जाएगी।

एएचएफ की रिपोर्ट में दोषी साबित होने पर कड़ी काररवाई की जाएगी

अधिकारी ने कहा, ‘एएचएफ की रिपोर्ट में दोषी साबित होने पर हम कड़ी काररवाई करेंगे। कसूरवार होने पर उसे छोड़ा नहीं जाएगा।’ एशियाई खेलों में अम्पायरों और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति एएचएफ करता है।

सांघा के खिलाफ HIL 2025 के दौरान भी एक महिला अम्पायर ने शिकायत की थी

उल्लेखनीय है कि सांघा के खिलाफ 2025 में रांची में हॉकी इंडिया लीग (HIL) के दौरान भी एक महिला अम्पायर ने शिकायत की थी। हॉकी इंडिया की तीन सदस्यीय समिति ने मामले की जांच की थी। हॉकी इंडिया अधिकारी ने बताया कि समिति को उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले थे। अधिकारी ने कहा, ‘हमने समिति बनाई थी, लेकिन उसे कोई सबूत नहीं मिले।’

इस बीच भारतीय ओलम्पिक संघ (IOA) के एक अधिकारी ने कहा कि मामले का आईओए या हॉकी इंडिया से कोई सरोकार नहीं है क्योंकि एएचएफ अधिकारियों की नियुक्ति करता है । नागोया में एएचएफ अधिकारियों ने भी इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। गौरतलब है कि हॉकी इंडिया ने इस वर्ष महिला टीम के सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य को उत्पीड़न के आरोपों के बाद हटाया था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular