Site icon hindi.revoi.in

त्रिकोणीय सीरीज : ‘करो या मरो’ वाले मैच में भारत ए की शानदार वापसी, अफगानिस्तान ए पर बड़ी जीत से फाइनल में

Social Share

दाम्बुला, 17 जून। बीते सोमवार को श्रीलंका ए के खिलाफ रोमांचक सुपर-ओवर मुकाबले में पराजय के बाद भारत ए ने बुधवार को यहां ‘करो या मरो’ की स्थिति में शानदार वापसी की और कप्तान तिलक वर्मा की अगुआई में बल्लेबाजी पराक्रम के बाद गेंदबाजों के चमकीले प्रदर्शन से अफगानिस्तान ए पर 101 रनों की बड़ी जीत से त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

तिलक, प्रियांश व कुशाग्र के पचासों से भारत ए 300 के पार

रणगिरि दाम्बुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारत ए ने तिलक वर्मा (59 रन, 75 गेंद, पांच चौके), ओपनर प्रियांश आर्य (58 रन, 42 गेंद, एक छक्का, नौ चौके) व विकेटकीपर कुमार कुशाग्र (58 रन, 67 गेंद, पांच चौके) के अर्धशतकीय प्रहारों से 50 ओवरों में नौ विकेट पर 319 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

निशांत सिंधु एंड कम्पनी ने अफगानिस्तान ए को 218 रनों पर समेटा

भारत ए को फाइनल में जगह बनाने के लिए कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरे अफगानिस्तान ए को 236 या उससे कम रनों पर रोकना जरूरी था और वामहस्त स्पिनर निशांत सिंधु (4-31) व पेसर यश ठाकुर (2-48) सहित अन्य गेंदबाजों के सामने विपक्षी टीम 36.5 ओवरों में 218 रनों पर ही सीमित हो गई।

भारत ए दूसरी जीत से बेहतर नेट रन के सहारे शीर्ष पर

भारत ए टीम ने अपने चारों मैच खेलकर दो जीत से न सिर्फ चार अंक बटोरे वरन 0.597 के नेट रन रेट से सर्वोच्च स्थान भी हासिल कर लिया। श्रीलंका ए के तीन मैचों से चार अंक हैं और वह 0.494 एनआरआर से दूसरे स्थान पर है जबकि अफगानिस्तान ए तीन मैचों में एक जीत से दो अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। अब श्रीलंका ए व अफगानिस्तान ए के बीच 19 जून को खेले जाने वाले अंतिम लीग मैच से दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला होगा। फाइनल 21 जून को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

बाहिर का पचासा, फैजल संग 87 रनों की भागीदारी

मुकाबले की बात करें तो कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानी टीम अर्धशतकवीर बाहिर शाह (57 रन, 52 गेंद, एक छक्का, चार चौके), फैजल शिनोजादा (46 रन, 56 गेंद, एक छक्का, दगो चौके) व पारी की शुरुआत करने वाले कप्तान इमरान मीर (32 रन, 27 गेंद, चार चौके) की आकर्षक पारियों से एक समय 25वें ओवर में तीन विकेट पर 157 रन बनाकर अच्छी स्थिति में प्रतीत हो रही थी। इस क्रम में शाह व फैजल के बीच चौथे विकेट पर 87 रनों की मजबूत भागीदारी हो चुकी थी।

61 रनों की वृद्धि पर अंतिम 7 बल्लेबाज लौट गए

लेकिन फैजल को अनुकूल रॉय ने अपनी ही गेंद पर लपका तो भारतीय गेंदबाज हावी हो गए। अंततः 61 रनों की वृद्धि पर अंतिम सात बल्लेबाज लौट गए। सिंधु व यश के अलावा अंशुल कम्बोज, अनुकूल, विपराज निगम व सूर्यांश शेडगे ने आपस में चार विकेट बांटे।

वैभव व प्रियांश ने 48 गेंदों पर ठोके 75 रन

इसके पूर्व प्रियांश व वैभव सूर्यवंशी (38 रन, 28 गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने भारत ए को तेज शुरुआत दी। हालांकि 48 गेंदों पर हुई 75 रनों की भागीदारी के दौरान विस्फोटक वैभव ने लगभग तीन मौके दिए और अंततः आठवें ओवर में फरिदून दाऊदजई (2-74) के शिकार बने।

तिलक कुशाग्र के बीच 104 रनों की साझेदारी

वैभव व प्रियांश के अलावा ऋतुराज गायकवाड़ (30 रन, 31 गेंद, चार चौके) ने भी तेज हाथ दिखाए जबकि तिलक व कुशाग्र ने अपनी अर्धशतकीय पारियों के बीच चौथे विकेट के लिए 122 गेंदों पर 104 रनों की शतकीय भागीदारी कर दी।

स्कोर कार्ड

अंत में विपराज निगम (30 रन, 20 गेंद, चार चौके) व निशांत सिंधु (नाबाद 21 रन, 26 गेंद) ने भी मोर्चा संभाला और टीम 320 रनों के करीब पहुंच गई। दाऊदजई के अलावा अब्दुल्ला अहमदजई व फरमानुल्ला ने बराबर 62 रन खर्च कर दो-दो विकेट लिए।

Exit mobile version