मुंबई, 8 जुलाई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात 41 वर्षीय कांस्टेबल गणेश की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वे पिछले कई वर्षों से सलमान खान की सुरक्षा में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान गणेश को अचानक चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा स्टाफ ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, डॉक्टरों से मिली प्रारंभिक जानकारी में हार्ट अटैक को मौत की संभावित वजह बताया गया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही बांद्रा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दरअसल, सलमान खान को पिछले कुछ समय से लगातार धमकियां मिलती रही हैं। इसके चलते उनके बांद्रा स्थित घर के बाहर 24 घंटे पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है। कांस्टेबल गणेश भी इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विभाग की ओर से मृतक कांस्टेबल के परिवार को हर संभव सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार सरकारी सम्मान के साथ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

