सीएम योगी ने काशी से की ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत, बोले- ‘बांटने वाले लोग वही हैं, जिनके आदर्श बाबर और औरंगजेब…’
वाराणसी, 29 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां संत सद्गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। उन्होंने इस अवसर पर पूजन के बाद 131 कलशों में भरी गई जन्मस्थली की पावन माटी को अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सौंपा। यह भव्य संकल्प यात्रा 20 फरवरी तक चलेगी।
संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आज बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी, मोक्षदायिनी काशी के संत रविदास घाट पर आयोजित भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता का सौभाग्य प्राप्त हुआ। pic.twitter.com/Ut0OBbfaO2
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 29, 2026
सीएम योगी ने इसके साथ ही संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज के शब्दों एवं संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज गुरु पूर्णिमा से लेकर के 20 फरवरी माघ पूर्णिमा तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश के अंदर सद्गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर इस सामाजिक समरसता अभियान को गांव-गांव घर-घर पहुंचने के पीएम मोदी के संकल्प को लेकर चल रही है। उन्होंने कहा – ‘याद रखना! बांटने वाले लोग वही हैं, जिनके आदर्श बाबर और औरंगजेब हैं।’
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 29, 2026
‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ों सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न’
उन्होंने कहा कि सद्गुरु रविदास महाराज भेदभाव, जाति-पाति से मुक्त समता मूलक समाज की स्थापना को मानते थे, वह हमेशा इस बात को कहते थे। इसके बारे में उन्होंने सदैव आग्रह किया और कहा – ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ों सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न।’
सद्गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर वाराणसी में आयोजित 'समरसता संकल्प अभियान' के शुभारंभ समारोह में… https://t.co/qZdUAIx4TR
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 29, 2026
पीएम मोदी ने सद्गुरु रविदास के संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम किया है
सीएम योगी ने कहा कि उनके शब्दों एवं संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री ने 81 करोड़ लोगों को फ्री में राशन की सुविधा उपलब्ध कराने का काम किया है ना उन्होंने जाति देखी, ना पाती देखी, ना चेहरा देखा, ना क्षेत्र देखा।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ऐसे समय में प्रकट हुए, जब भारतीय समाज सामाजिक विषमताओं और कुरीतियों से जूझ रहा था। उन्होंने अपने सरल और विनम्र जीवन तथा अपनी वाणी के माध्यम से स्पष्ट किया कि मनुष्य की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, गुण और चरित्र से होती है। उन्होंने मानव समाज को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और एकता का मार्ग दिखाया।

इस कार्यक्रम में सीएम योगी के अलावा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संत शिरोमणि निरंजन दास व मंत्री अर्जुन मेघवाल सहित कई राजनीतिक हस्तियां मौजूद थीं।
भदोही को जल्द ही संत रविदास नगर के नाम से जाना जाएगा
सीएम योगी ने इस अवसर पर एक बड़ा एलान भी किया और कहा कि जल्द ही भदोही का नाम संत रविदास नगर होगा और यह शहर संत रविदास को समर्पित होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी महापुरुषों के नाम से बने पार्कों के रखरखाव और बाउंड्रीवॉल की जिम्मेदारी भी सरकार अपने खर्चे पर वहन करेगी। वहीं श्रमिकों के बच्चों के लिए हर जिले में आवासीय विद्यालय की भी व्यवस्था की जाएगी।
