राघव चड्ढा ने पीएम मोदी से की मुलाकात, बोले- एक सुबह जो हमेशा याद रहेगी
नई दिल्ली, 8 जुलाई। भाजपा के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को यादगार बताया है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। तस्वीर में राघव चड्ढा प्रधानमंत्री मोदी को भगवान गणेश की मूर्ति भेंट करते नजर आ रहे हैं। राघव चड्ढा ने पोस्ट में लिखा, “एक सुबह जो हमेशा याद रहेगी। पीएम मोदी से मिलने का सौभाग्य मिला। विस्तृत और समृद्ध बातचीत हुई। उनके बहुमूल्य समय और मार्गदर्शन से सीखने का अवसर देने के लिए हृदय से आभारी हूं।”
‘कट मनी’ और रेफरल कमीशन का मुद्दा उठाया था
इससे पहले 6 अगस्त को राघव चड्ढा ने राज्यसभा में डॉक्टरों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के बीच कथित ‘कट मनी’ या रेफरल कमीशन के चलन पर गंभीर चिंता जताई थी। शून्यकाल के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ डॉक्टरों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के बीच ऐसा तंत्र विकसित हो गया है, जिसमें मरीजों को जांच के लिए रेफर करने के बदले डॉक्टरों को कमीशन दिया जाता है।उन्होंने दावा किया था कि कुछ मामलों में मरीज को जांच के लिए रेफर करने पर डॉक्टर को 3,000 रुपये तक दिए जाते हैं।
चड्ढा के मुताबिक, इसके लिए तय कमीशन रेट, एजेंट और समानांतर इंसेंटिव व्यवस्था काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया था कि डायग्नोस्टिक सेंटर इन भुगतानों को अपने खातों में ‘मार्केटिंग एक्सपेंस’ के तौर पर दिखाते हैं, जबकि डॉक्टरों के स्तर पर इसे ‘रेफरल कमीशन’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि अंततः इस पूरी व्यवस्था का आर्थिक बोझ मरीजों के बिल पर पड़ता है।
