मुंबई, 11 अगस्त। होर्मुज जलडमरूमध्य सहित अन्य कारकों से वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर स्थानीय शेयर बाजार पर भी दिखा और मंगलवार को दोनों मानक सूचकांक लाल निशान पर ठहरे। बीएसई सेंसेक्स 388 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी में 112 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स 388.19 अंक टूटकर 78,154.25 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 388.19 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,154.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 494.18 अंक यानी 0.62 प्रतिशत टूटकर 78,048.26 अंक तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयरों में कमजोरी रही और सिर्फ पांच मजबूत हुए।
निफ्टी 112.10 अंकों की गिरावट से 24,471.70 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 112.10 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,471.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 13 के स्टॉक लाभ में रहे तो 37 में नुकसान उठाना पड़ा।
अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में सबसे ज्यादा 2.75 फीसदी की गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में सबसे ज्यादा 2.75 फीसदी की गिरावट रही। एक्सिस बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और पावर ग्रिड के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई। वहीं इटर्नल, इन्फोसिस, टाइटन, एचसीएल टेक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर लाभ में रहे।
एफआईआई ने 1,974.76 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,974.76 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.18 प्रतिशत बढ़कर 89.63 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।











