Site icon Revoi.in

यूक्रेन संकट :  भारतीय शेयर बाजार में ऐतिहासिक गिरावट, सेंसेक्स 2,700 अंक टूटा, निफ्टी 16,300 के नीचे बंद

Social Share

मुंबई, 24 फरवरी। यूक्रेन पर रूसी हमले से वैश्विक शेयर बाजारों में कोहराम मचा तो इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ना स्वाभाविक था। यही वजह रही कि गुरुवार को बाजार खुलते ही जो टूटन शुरू हुई तो फिर ऐतिहासिक गिरावट के बीच शेयर मार्केट बंद हुए।

23 मार्च, 2020 के बाद सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली

इस क्रम में बाजार में 23 मार्च, 2020 के बाद सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। बीएसई के सभी सेक्टर इंडेक्स में भारी बिकवाली हावी रही। निफ्टी के सभी 50 शेयरों में और सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी बैंक के सभी 12 शेयरों में बिकवाली हावी रही। बाजार में करीब दो वर्षों की बड़ी इंट्रा-डे गिरावट देखने को मिली।

सेंसेक्स व निफ्टी लगभग 5 फीसदी लुढ़के

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 2702.15 अंक यानी 4.72 फीसदी टूटकर 54,529.91 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 815.30 अंक यानी 4.78 फीसदी गिरकर 16247.95 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में Tata Motors, IndusInd Bank, UPL, Grasim Indusries और Adani Ports निफ्टी के सबसे बड़े लूजर रहे जबकि बीएसई का मिड और स्मॉलकैप इंडेक्स पांच फीसदी टूटा।

क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट

यही नहीं वरन गुरुवार को क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। सबसे प्रमुख क्रिप्टो बिटकॉइन भी इस गिरावट की आंधी में खुद को बचा नहीं सका। इसका भाव करीब 10 फीसदी लुढ़कर 34,618 डॉलर पर आ गया। हालांकि, बाद में गिरावट 8 फीसदी से थोड़ी ज्यादा रह गई।