शामली, 26 अगस्त। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में बुधवार की शाम सनसनीखेज वारदात हुई, जब सदर कोतवाली क्षेत्र में यूट्यूबर व हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। अंकित शाम को जिम करने के लिए शामली पहुंचे थे।
हमलावरों ने अंकित पर 18 राउंट फायरिंग की
प्राप्त जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय अंकित बालियान कोतवाली क्षेत्र के आर्य पुरी नालापाठी स्थित एक जिम से वर्कआउट कर शाम लगभग सात बजे वापस अपने घर के लिए निकले ही थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर 18 राउंड फायरिंग की। सिर व पेट में पांच गोली लगने से वह सड़क पर गिर गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल शुरू की।
दो बाइक पर आए चार लड़कों ने घटना को अंजाम दिया
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, ‘शाम को सात बजे सूचना प्राप्त हुई कि अंकित बालियान जैसे ही जिम से निकले, उनको गोली मार दी गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। जानकारी हुई कि दो बाइक पर आए चार लड़कों ने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। हमारी स्वाट और सर्विलांस की टीम लगी हुई है। बहुत जल्दी हत्या का खुलासा करेंगे।’
नाराज लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम कर दिया
घटना से नाराज लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम कर दिया। मां अंकित की लाश गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं। मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह शामली पहुंचे। अफसरों ने अंकित के पिता को मनाकर मध्यारात्रि 12 बजे के आसपास जाम खुलवाया। बताया जा रहा है कि अंकित जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे।
शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान हरियाणा के सोनीपत में रहते थे। हालांकि, पिछले कई महीनों से वह परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। उनके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं जबकि मां अमरेश गृहिणीं हैं। अंकित दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम विक्की है। अंकित की शादी हो चुकी थी, लेकिन अभी उनकी कोई संतान नहीं थी।
‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने से सुर्खियों में आए थे बालियान
अंकित अक्सर गन कल्चर को लेकर गाने बनाते थे। वह अपने गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने से सुर्खियों में आए थे। वह गाना 15 फरवरी, 2023 को रिलीज हुआ था। हालांकि उसपर बैन लगा दिया गया था। इसके बाद वह हरियाणवी संगीत की दुनिया में चर्चित हुए। वर्ष 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी।
हत्या से घंटेभर पहले इंस्टाग्राम पर गाना पोस्ट किया- ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’
अंकित ने छह बजे यानी हत्या से ठीक एक घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक गाना पोस्ट किया था। गाने में वह गाड़ी में बैठकर ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ गाते हुए नजर आए।


