बाल दिवस पर सीएम योगी और धामी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं, बोले- हर बच्चे का सपना हो साकार

लखनऊ, 14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने देश और प्रदेश के बच्चों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनके सुरक्षित बचपन, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि बच्चे राष्ट्र की आशाएं और भविष्य की सबसे सुंदर संभावनाएं हैं। उन्होंने सभी बच्चों को स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, अच्छी शिक्षा और सपनों को साकार करने के अवसर उपलब्ध करा रही है। सीएम योगी ने कहा, “हर बचपन मुस्कुराए, हर प्रतिभा निखरे और हर सपना साकार हो, यही हमारा संकल्प है।”

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बाल दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चे आने वाले कल की उम्मीद हैं। उनकी मुस्कान में खुशहाल समाज की झलक और उनके सपनों में सशक्त एवं समृद्ध देश की नींव छिपी है।

धामी ने कहा कि उनकी सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का हर बच्चा सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हो। इसके लिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, पोषण, छात्रवृत्ति और प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने बच्चों को देश का भविष्य और समाज की सबसे अनमोल पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को विकसित भारत का वास्तविक आधार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने, प्रतिभा निखारने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने का संकल्प लेना चाहिए। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रामविचार नेतम ने भी देश और प्रदेश के सभी बच्चों को बाल दिवस की बधाई दी।

दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बच्चों की मुस्कान में देश का उज्ज्वल भविष्य बसता है। उनके सपनों को उड़ान देना, प्रतिभा को निखारना और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। वहीं, बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बच्चों की मासूम मुस्कान और सपनों को समाज की अनमोल पूंजी बताते हुए उनके खुशहाल बचपन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular