एशिया कप राइजिंग स्टार्स : तिलक-कुशाग्र के शतकों के बाद प्रिंस-हर्षित का कहर, भारत ए ने नेपाल को 306 रनों से रौंदा

दोहा, 20 नवम्बर। भारत ए ने शुक्रवार को यहां एशिया कप राइजिंग स्टार्स क्रिकेट टूर्नामेंट में बल्ले व गेंद से समग्र प्रदर्शन के बीच धमाकेदार शुरुआत की और चार टीमों के ग्रुप बी में नेपाल को 306 रनों से रौंदकर रख दिया। लिस्ट ए क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। इसी ग्रुप में दिन के एक अन्य मैच में पाकिस्तान ए ने संयुक्त अरब अमीरात को 61 रनों से परास्त किया।

तिलक व कुशाग्र के सहारे भारत 332 रनों तक पहुंचा था

वेस्ट एंड पार्क इंटनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दिवा-रात्रि मैच में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारत ए ने कप्तान तिलक वर्मा (107 रन, 113 गेंद, चार छक्के, छह चौके) और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (117 रन, 102 गेंद, पांच छक्के, 10 चौके) के शक्तिशाली शतकों की मदद से 50 ओवरों में नौ विकेट पर 332 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

प्रिंस व हर्षित ने आपस में बांट लिए 9 विकेट

जवाब में जवाब में तेज गेंदबाजद्वय प्रिंस यादव (5-6) व  हर्षित राणा (4-16) की कहर बरपाती गेंदों के समक्ष नेपाली बल्लेबाज एकदम नहीं टिक सके और पूरी टीम 11.3 ओवरों में 26 रनों पर ही बिखर गई। एक भी बल्लेबाज दहाई में नहीं पहुंच सका। हर्षित व प्रिंस के अलावा वामहस्त स्पिनर शाहबाज अहमद ने बिना रन दिए एक सफलता हासिल की।

वैभव सहित 3 शीर्ष बल्लेबाज 42 रनों के भीतर लौटे

हालांकि देखा जाए तो भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 11वें ओवर में 42 रनों के भीतर ओपनर वैभव सूर्यवंशी (26 रन, 32 गेंद, एक छक्का, तीन चौके), अभिषेक शर्मा (नौ रन, 13 गेंद, एक छक्का) व आयुष बदोनी (दो रन) के रूप में तीन शीर्ष बल्लेबाज लौट चुके थे।

तिलक व कुशाग्र के बीच 206 रनों की साझेदारी

लेकिन इसके बाद तिलक व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कुशाग्र ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और तीसरे विकेट के लिए 206 रनों की बहुमूल्य साझेदारी निभा दी। अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे (नाबाद 36 रन, 14 गेंद, चार छक्के, एक चौका) ने भी तेज हाथ दिखाए। वैसे तेजी दिखाने के प्रयास में भारत के अंतिम पांच बल्लेबाज 34 रनों के भीतर लौटे।

स्कोर कार्ड

नेपाल की ओर से वामहस्त स्पिनर ललित राजबंशी (3-61) और लेग स्पिनर संदीप लामिछाने (3-61) ने आपस में छह विकेट साझा किए जबकि मध्यम गति के गेंदबाज नंदन यादव ने 49 रन देकर दो विकेट लिए।

भारत ए की 22 नवम्बर को पाकिस्तान ए से मुलाकात

भारत ए की अब अब 22 नवम्बर को पाकिस्तान ए से मुलाकात होगी। पाकिस्तान ए ने आज ही दिन के एक अन्य मैच में संयुक्त अरब अमीरात को 61 रनों से परास्त किया। उधर ग्रुप ए में बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, अफगानिस्तान ए व हांगकांग की टीमें हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular