गुइयांग (चीन), 20 जून। भारत के चार मुक्केबाजों – ज्योति, मीनाक्षी, प्राची व दीपक कुमार ने शनिवार को यहां संबंधित भार वर्गों की सेमीफाइनल बाउट में जीत हासिल की और विश्व मुक्केबाजी कप 2026 के दूसरे चरण में फाइनल में प्रवेश के साथ कम से कम चार रजत पदक पक्के कर दिए। वैसे, आज सेमीफाइनल राउंड के बाद भारत के छह पदक पक्के हो गए हैं, जिनमें चार फाइनलिस्ट और दो कांस्य पदक शामिल हैं।
ज्योति ने मेक्सिको की दिग्गज मुक्केबाज फातिमा को शिकस्त दी
टीम की अगुआई ज्योति (48kg) ने की, जिन्होंने मेक्सिको की फातिमा हेरेरा को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। हेरेरा एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी थीं। उन्होंने 48kg कैटेगरी में आने के बाद विश्व मुक्केबाजी कप ब्राजील 2026 में ऐतिहासिक रजत पदक जीता था, जिससे ज्योति की जीत और भी अहम हो जाती है।

मीनाक्षी ने स्पेनिश मुक्केबाज को 5-0 से धराशायी किया
भारतीय दल का शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मीनाक्षी (51kg) ने, जो पहले 48kg कैटेगरी में विश्व नंबर एक थीं और अब एक वेट डिवीजन ऊपर आ गई हैं, जबर्दस्त खेल दिखाया। उन्होंने स्पेन की लौरा फुएर्टेस फर्नांडीज को सर्वसम्मति से 5-0 के फैसले से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

प्राची व दीपक की भी एकतरफा जीत
प्राची (57kg) ने भी प्रभावित किया और फ्रांस की अमीना जिदानी पर 4-1 से शानदार जीत दर्ज करते हुए गोल्ड मेडल मुकाबले में जगह बनाई। वह बेहतरीन फॉर्म में हैं और इससे पहले क्वार्टर फाइनल में पेरिस ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता को हरा चुकी हैं। उधर पुरुष वर्ग में दीपक (70kg) ने फ्रांस के माकन ट्राओरे पर 5-0 से शानदार जीत के साथ भारत का दबदबा बनाए रखा और फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

जुग्नू व निखिल सेमीफाइनल में हारे, अब कांस्य पदक से संतोष करना होगा
इस बीच भारत के दो अन्य सेमीफाइनलिस्ट मुक्केबाजों – जुग्नू (85kg) और निखिल (55kg) को पराजय का सामना करना पड़ा और अब उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा। जुग्नू को फ्रांस के जूनियर तदाह से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा जबकि निखिल को अमेरिकी लोरेंजो पैट्रिसियो से 0-5 से हार मिली।
फाइनल मुकाबले (21 जून) :
- 48kg : ज्योति बनाम फरज़ोना फ़ोज़िलोवा (UZB)
- 51kg : मीनाक्षी बनाम वू यू (CHN)
- 57kg : प्राची बनाम निगिना उक्तामोवा (UZB)
- M70kg : दीपक बनाम अबलाईखान ज़ुसुपोव (KAZ)


