स्पेन में भीषण ट्रेन हादसा : तोलेदो प्रांत में दो ट्रेनों के बीच टक्कर में 64 लोगों की मौत

मैड्रिड, 28 अक्टूबर। स्पेन के तोलेदो प्रांत में बुधवार की सुबह भीषण ट्रेन हादसा हुआ, जब दो ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इससे पहले कैस्टिला-ला मांचा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एमिलियानो गार्सिया पेज ने जानकारी दी थी कि कम से कम 80 लोग घायल हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि बचावकर्मी मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

कैस्टिला ला मांचा क्षेत्र की प्रवक्ता एस्थर पाडिला ने सरकारी प्रसारक ‘टीवीई’ को बताया कि दोनों ट्रेनें एक ही दिशा में राजधानी मैड्रिड से दक्षिणी-पश्चिमी शहर सेविले जा रही थीं। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेनें हादसे का शिकार हुईं, जब एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए। उन्होंने कहा कि हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है। दोनों ट्रेन में सैकड़ों यात्री सवार थे।

वहीं स्पेन के रेल प्रणाली संचालक ‘एडीआईएफ’ ने बताया कि बुधवार की सुबह तोलेदो प्रांत में यह हादसा हुआ, जिसके बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंदालूसिया के बीच रेल सेवा रोक दी गई।

स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने टीवीई को बताया कि आपातकालीन कर्मी सबसे अधिक क्षतिग्रस्त दो रेल डिब्बों से जीवित बचे लोगों और शवों को निकालने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

आपातकालीन सेवाओं, दमकलकर्मियों और पुलिस की मदद के लिए सेना की आपातकालीन ब्रिगेड को तैनात किया गया। एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवा घटनास्थल से घायलों को ले जाने में जुटे रहे जबकि सुरक्षित बचे यात्रियों को बसों में बैठाकर वहां से ले जाया गया।

इस दुर्घटना में स्पेन की सरकारी कम्पनी ‘रेनफे’ और निजी रेल कम्पनी ‘इर्यो’ की ट्रेनें शामिल थीं। स्पेनिश मीडिया की खबरों के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि ‘रेनफे’ की ट्रेन ने ‘इर्यो’ की ट्रेन को टक्कर मारी। पाडिला ने बताया कि ‘रेनफे’ की ट्रेन में 397 यात्री और ‘इर्यो’ की ट्रेन में 147 यात्री सवार थे। जनवरी में भी इन दोनों कम्पनियों की ट्रेनों के बीच एक भीषण दुर्घटना हुई थीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular