मुंबई, 25 अगस्त: अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ का आधिकारिक टाइटल सामने आ गया है। मेकर्स ने सोमवार को फिल्म का नाम ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ घोषित किया। फिल्म को फ्रेंचाइजी की तीसरी और अंतिम कड़ी बताया जा रहा है। इसमें एक बार फिर विजय सलगांवकर और उसके परिवार की कहानी आगे बढ़ेगी। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अजय देवगन की आंखों ने बढ़ाया सस्पेंस
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर शेयर किया है। पोस्टर में अजय देवगन की आंखों का इंटेंस क्लोजअप नजर आ रहा है, जो फिल्म के सस्पेंस और थ्रिल को और बढ़ाता है। पोस्टर पर लिखा है, “मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।” पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, “हर इंसान का नजरिया अलग होता है, मेरे लिए मेरी फैमिली ही सब कुछ है।” इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट की भी घोषणा की गई है।
विजय सलगांवकर की कहानी का होगा आखिरी अध्याय
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में विजय सलगांवकर के परिवार और पुलिस के बीच चल रही कहानी को निर्णायक मोड़ मिलने की उम्मीद है। फिल्म पिछले दोनों पार्ट से जुड़े अनसुलझे रहस्यों, परिवार की सुरक्षा और पुलिस की कोशिशों के इर्द-गिर्द आगे बढ़ेगी। फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय एक बार फिर अपने परिवार को पुलिस की पहुंच से बचा पाएगा या इस बार उसके सामने कोई नया संकट खड़ा होगा।
अजय देवगन के साथ नजर आएंगे ये सितारे
फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, रजत कपूर, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं, तब्बू भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आएंगी।
2015 में शुरू हुई थी ‘दृश्यम’ की कहानी
अजय देवगन की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। निशिकांत कामत के निर्देशन में बनी यह फिल्म मोहनलाल स्टारर 2013 की मलयालम फिल्म ‘दृश्यम’ का आधिकारिक हिंदी रीमेक थी। फिल्म की कहानी एक आम परिवार और उसके मुखिया विजय सलगांवकर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने परिवार को बचाने के लिए कानून और पुलिस के सामने एक बेहद सोची-समझी रणनीति अपनाता है।
2022 में आया था ‘दृश्यम 2’
पहली फिल्म की सफलता के बाद ‘दृश्यम 2’ साल 2022 में रिलीज हुई। दूसरे पार्ट में पहली कहानी के करीब छह साल बाद की घटनाएं दिखाई गई थीं। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और विजय सलगांवकर की कहानी को एक नया मोड़ मिला। अब करीब चार साल बाद फ्रेंचाइजी का तीसरा और अंतिम अध्याय ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ दर्शकों के सामने होगा। फिल्म के टाइटल और पोस्टर के सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
क्या खत्म हो जाएगा विजय सलगांवकर का खेल?
‘दृश्यम 3’ का आधिकारिक टाइटल ही इस बात का संकेत देता है कि हिंदी फ्रेंचाइजी में विजय सलगांवकर की कहानी अब अपने निष्कर्ष तक पहुंचने वाली है। हालांकि, फिल्म में परिवार और पुलिस के बीच चल रहे माइंड गेम का अंत किस तरह होगा, इसका खुलासा रिलीज के बाद ही होगा।


