गाजियाबाद, 18 नवम्बर। मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद यूपी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ गए। उन्हें कुछ दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया था और अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
गौर करने वाली बात यह रही कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दर्ज मामले में, इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा खान को दी गई अंतरिम जमानत को चुनौती देने वाली प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक तत्काल याचिका पर सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया, जिसके बाद खान की रिहाई हुई।
अंततः दोपहर बाद करीब 4:30 बजे डासना जेल में रिहाई वारंट पहुंचा, जिसके बाद जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं और खान को जेल से बाहर आने दिया गया। उसके बाद वह अपने गृहनगर रामपुर रवाना हुए।
मेरा एकमात्र दोष यह है कि एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया – आजम खान
जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खान ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, ‘मुझ पर हर तरह के जुल्म ढाए गए। मेरा एकमात्र दोष और अपराध यह है कि एक मुसलमान ने एक शिक्षा का मंदिर बनाया। हालांकि, अदालत ने न्याय किया है और मैं इसके लिए आभारी हूं। अपने ऊपर ईडी की काररवाई को लेकर उन्होंने कहा, ‘ईडी के अधिकारियों को अपनी छवि सुधारनी चाहिए और खुद में बदलाव लाना चाहिए। उन्हें न तो देश को बर्बाद करना चाहिए और न ही खुद को।’
अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई को सत्य की जीत बताया
वहीं पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई को सत्य की जीत बताया और भरोसा जताया कि पूर्व राज्य मंत्री को आगे भी न्याय मिलता रहेगा। गोरखपुर में अखिलेश यादव ने कहा, ‘सत्य की जीत हुई है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्हें भविष्य में भी न्याय मिलेगा।’
रामपुर खास से 10 बार के विधायक के खिलाफ ये है मामला
उल्लेखनीय है कि रामपुर सदर से 10 बार के विधायक रहे आजम खान के खिलाफ PMLA मामला, आजम और रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है। ED की जांच मुख्य रूप से अपराध से हासिल कथित रकम और यूनिवर्सिटी से जुड़े वित्तीय लेन-देन पर केंद्रित रही है। हालांकि आजम खान ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया है।
SC ने ईडी से कहा – आजम के जमानत पर रहने से दुनिया खत्म नहीं हो रही
ED ने बुधवार सुबह सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और अंतरिम जमानत के खिलाफ तत्काल सुनवाई की मांग की। हालांकि, जज ने एजेंसी की जल्दबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘इतनी जल्दी क्या है? आजम को जमानत पर रहने दीजिए। कोई दुनिया खत्म नहीं हो रही है।’
ED द्वारा चार दिनों की अतिरिक्त कस्टडी रिमांड मांगे जाने के बाद, आजम खान को सोमवार को जेल भेज दिया गया था। 31 अक्टूबर को वे रामपुर जेल से कुछ समय के लिए बाहर आए थे, जब उन्हें दो पैन कार्ड (dual PAN card) वाले मामले में रिहा किया गया था। लेकिन, मनी लॉन्ड्रिंग मामले के सिलसिले में ED ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया और बाद में डासना जेल भेज दिया था।
बेटे अब्दुल्ला ने कहा – ‘टाइगर वापस आ गया है, आज हमारे लिए ईद है’
आजम खान की रिहाई के बाद डासना जेल के बाहर जश्न का माहौल था, जहां उनके सैकड़ों समर्थक इकट्ठा हुए थे। उनके दो बेटे, अदीब और अब्दुल्ला, उन्हें लेने के लिए वहां पहुंचे थे। जब खान जेल से बाहर आए, तो अदीब ने इस मौके को परिवार के लिए ईद जैसा बताया और कहा, ‘टाइगर वापस आ गया है। आज हमारे लिए ईद है।’ अब्दुल्ला ने कहा कि उनके पिता को झूठे मामलों में फंसाकर जेल में रखा गया था, लेकिन अदालत ने उन्हें न्याय दिया है। उन्होंने आगे कहा कि अब खान फिर से लोगों के बीच होंगे।
आजम की रिहाई से उनके राजनीतिक भविष्य पर चर्चा तेज
इस बीच आजम की रिहाई ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले खान के राजनीतिक भविष्य को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया है। इस आरोप पर कि सरकार ने उनके पिता को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वे मुसलमान थे, अदीब ने सहमति जताते हुए कहा कि यह बात पूरी तरह सही है और वे भी अपने पिता जैसी ही राय रखते हैं।
अब्दुल्ला ने बताया कि वह अपने पिता की जमानत और रिहाई के सिलसिले में एक नवम्बर से दिल्ली, गाजियाबाद और प्रयागराज में रह रहे थे। खान की रामपुर – जो उनका पारंपरिक राजनीतिक गढ़ है – में वापसी से उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ फिर से जुड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, इससे 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले रुहेलखंड क्षेत्र में सपा की राजनीतिक गतिविधियों को फिर से तेज करने में भी मदद मिलेगी।


