वाराणसी, 15 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई कर्मियों को ‘नींव का पत्थर’ करार देते हुए विपक्षियों पर निशाना साधा और जनप्रतिनिधियों को समाज सेवा का महत्व समझाया। सीएम योगी ने कहा कि जब सब लोग सोते रहते हैं, तब सफाई मित्र सड़क पर रहते हैं। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कुछ लोग तो ऐसे हैं, जो दिन में 12:00 बजे सोकर उठते हैं।

सीएम योगी वाराणसी के अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन गुरुवार को रामकटोरा स्थित सरोजा पैलेस में पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा 76 दिनों तक चलाए गए वार्ड प्रयास के समापन के अवसर पर आयोजित ‘स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह’ में मौजूद बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों, उनके परिजनों सहित उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
जनपद वाराणसी में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह में…
https://t.co/c6NyibSNPU
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 15, 2026
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के अभियान की सराहना की
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज को परिवार मानता है, वही बदलाव और प्रगति के पथ पर प्रदेश को ले जाता है। उन्होंने स्वच्छता मित्रों को नींव का पत्थर बताते हुए कहा कि इनका सम्मान बहुत बड़ी बात है। उन्होंने विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी ही प्रवृत्ति उत्पन्न हो जाए तो बदलाव को कोई नहीं रोक सकता।

चेतावनी भी दी – काफी समय तक सत्ता में रहने से नकारात्मकता पैदा होती है
सीएम योगी ने चेताया कि काफी समय तक सत्ता में रहने से नकारात्मकता पैदा होती है। उसे ऐसे कार्यों के माध्यम से जागरूकता पैदा कर रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि शासन का अपना एक दायरा है, लेकिन जनप्रतिनिधि की पहुंच ज्यादा है। इसी का परिणाम रहा कि 76 दिनों में हजारों लोगों तक विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी पहुंचे।
नगर निगम व जलकल के 600 से अधिक सफाईकर्मी सम्मानित
इस अवसर पर नगर निगम, जलकल के 600 से अधिक सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं मंच पर 11 सफाई कर्मियों को अपने हाथों सम्मानित किया। सफाई कर्मियों का पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई कर्मियों को किट भी उपलब्ध कराए।
https://t.co/LxdXfRXq8I
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 15, 2026
कार्यक्रम में स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक डॉ सुनील पटेल, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सफाई कर्मियों को अपने हाथों से भोजन पवाया
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौजूद सफाई कर्मियों को स्वयं अपने हाथों खाना परोस कर उन्हें पवाया, जिसे सफाई कर्मियों ने पूरे भाव के साथ ग्रहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों से पूछ-पूछ कर भोजन परोसा। भोजन ग्रहण करने में महिला-पुरुष दोनों सफाई कर्मी शामिल रहे।


