PM मोदी ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल होने मनीला रवाना, हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर रहेगा फोकस

नई दिल्ली, 16 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फिलीपींस की राजधानी मनीला रवाना हो गए। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के नेताओं के साथ क्षेत्रीय सहयोग, व्यापार, संपर्क और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मनीला रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आसियान देश भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं और भारत के महासागर विजन में भी उनकी अहम भूमिका है।

आसियान देशों के साथ संबंधों को मजबूत करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान देशों के रिश्ते सदियों पुराने सभ्यतागत संपर्कों पर आधारित हैं। समय के साथ इन संबंधों का विस्तार व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव जैसे क्षेत्रों तक हुआ है। पीएम मोदी ने बताया कि मंगलवार को आयोजित होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वह सदस्य देशों के नेताओं के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान विकास, संपर्क और समृद्धि के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में शामिल देशों के नेताओं के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। भारत की ओर से इस मंच पर क्षेत्रीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा और साझा समृद्धि जैसे विषयों को प्रमुखता दिए जाने की उम्मीद है।

फिलीपींस में भारतीय समुदाय से भी मिल सकते हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात की उम्मीद भी जताई। उन्होंने कहा कि वहां बसे भारतीय समुदाय का योगदान भारत और फिलीपींस के बीच दोस्ती और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगी। साथ ही इससे शांतिपूर्ण, समृद्ध और मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए दोनों पक्षों की साझा प्रतिबद्धता भी और मजबूत होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular