UP Election 2027 : भाजपा ने 209 प्रत्याशियों की सूची को बताया फर्जी, योगी-पंकज चौधरी ने जारी किया बयान

लखनऊ, 16 नवंबर, UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार होने और उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों को पार्टी ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। भाजपा उत्तर प्रदेश ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इन खबरों का सिरे से खंडन किया है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से ऐसी कोई सूची तैयार नहीं की गई है और न ही इसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है। इतना ही नहीं, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई है।

भाजपा ने अपने बयान में कहा कि पिछले कुछ दिनों से कुछ समाचार माध्यमों, व्यक्तियों और संस्थानों की ओर से 209 प्रत्याशियों की सूची को लेकर खबरें प्रसारित की जा रही हैं। इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। पार्टी ने इन समाचारों को असत्य, निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत करार दिया है।

भाजपा ने बताया- प्रत्याशी चयन की तय है संगठनात्मक प्रक्रिया

पार्टी ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और कैडर आधारित राजनीतिक संगठन है। विधानसभा चुनाव या किसी अन्य चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी की एक सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और निर्धारित संगठनात्मक प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया के तहत संगठन के विभिन्न स्तरों पर चर्चा और मंथन किया जाता है। इसके बाद उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी से होता है। भाजपा के मुताबिक, जब तक यह प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक किसी भी प्रत्याशी सूची के तैयार होने या केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने का सवाल ही नहीं उठता।

भाजपा ने भ्रामक खबरों को बताया साजिश

भाजपा ने 209 उम्मीदवारों की सूची से जुड़ी खबरों को पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम और असमंजस फैलाने की कोशिश बताया है। पार्टी का कहना है कि इस तरह का भ्रामक दुष्प्रचार सोची-समझी साजिश के तहत किया जा रहा है, ताकि निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच भय और भ्रम का माहौल बनाया जा सके।

अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भाजपा ने अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसी तथ्यहीन खबरों पर विश्वास न करें। पार्टी ने कहा कि किसी भी सूचना को प्रामाणिक मानने से पहले उसकी पुष्टि की जाए और केवल भाजपा के अधिकृत मंचों से जारी जानकारी पर ही भरोसा किया जाए। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्ताक्षर हैं। इस बयान के जरिए पार्टी ने साफ कर दिया है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन की कवायद शुरू नहीं हुई है और 209 उम्मीदवारों की सूची तैयार होने की खबर पूरी तरह निराधार है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular