मुंबई, 15 अक्टूबर। कच्चे तेल में नरमी के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, निजी बैंक व सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में आई लिवाली से घरेलू शेयर बाजार ने गुरुवार को बड़ी उछाल देखी और दोनों मानक सूचकांक तीन हफ्ते के उच्चतम स्तर पर जा पहुंचे। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 1,534 अंक चढ़कर जहां 74,000 का स्तर पार कर गया वहीं एनएसई निफ्टी 375 अकों की मजबूती से 23,000 के निकट पहुंच गया।
सेंसेक्स 1,533.72 अंक चढ़कर 74,315.61 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,533.72 अंक चढ़कर 74,315.61 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,548.4 अंक चढ़कर 74,330.29 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 27 के शेयर हरे निशान पर रुके तो तीन में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 23K के पार जाकर लौटा, 374.65 अंक चढ़कर 22,997.35 पर बंद
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 374.65 अंक यानी 1.66 प्रतिशत चढ़कर 22,997.35 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 433.70 अंकों की बढ़त से 23,000 का स्तर पार कर 23,056.40 तक जा पहुंचा था। निफ्टी का यह 25 सितम्बर के बाद उच्चतम स्तर है। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 44 के स्टॉक चढ़े तो छह में गिरावट दर्ज की गई।
टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 4.61 प्रतिशत चढ़ा
सेंसेक्स समूह में शामिल 30 कम्पनियों में टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 4.61 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक में 4.17 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 4.03 प्रतिशत, भारती एयरटेल में 2.94 प्रतिशत, इटर्नल में 2.77 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.58 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 2.51 प्रतिशत और टीसीएस में 2.28 प्रतिशत की तेजी रही। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, ट्रेंट और हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट रही।
रिलायंस जियो IPO के लिए 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय
जहां तक रिलायंस इंडस्ट्रीज का सवाल है तो उसकी दूरसंचार और डिजिटल सेवा इकाई जियो प्लेटफॉर्म ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। रिलायंस जियो ने इस आईपीओ से करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ यह देश का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये अंकित मूल्य वाले अधिकतम 27 करोड़ नये इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। यह निर्गम बुधवार, 21 अक्टूबर को खुलेगा और शुक्रवार, 23 अक्टूबर को बंद होगा।
ब्रेंट क्रूड 2.34 प्रतिशत टूटकर 103.6 डॉलर प्रति बैरल पर
इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.34 प्रतिशत टूटकर 103.6 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को 1,857.44 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।


