नई दिल्ली, 12 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह के दौरान वहां मौजूद पत्रकारों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ मीडिया के साथ खुद से जुड़े कई प्रसंग सुनाए।

‘ब्रेकिंग न्यूज की भागदौड़ के बीच नॉन-ब्रेकिंग न्यूज वाले कार्यक्रम में आपका स्वागत’
पीएम मोदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, ‘अभी-अभी दीपावली का पर्व बीता है और छठ की तैयारी अंतिम दौर में है। मेरी ओर से आप सभी को और आपके परिजनों को इन पर्वों की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। त्योहारों के समय हर कोई अपने परिवार के साथ और अपनों के साथ समय बिताने की कोशिश करता है। आपका काम ऐसा है कि ब्रेकिंग न्यूज के लिए भागदौड़ लगी रहती है। ऐसी व्यस्तता में आप सभी इस नॉन-ब्रेकिंग न्यूज वाले कार्यक्रम में आए। मैं आप सबका बहुत आभारी हूं।’
‘प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टा रील तक, मैंने मीडिया संवाद का एक लंबा दौर देखा है’
उन्होंने कहा, ‘मुझे याद है कि 90 के दशक की शुरुआत में मुझे दो बड़ी यात्राओं में देशभर में व्यवस्थाओं के लिए दायित्व मिला था। ये वो दौर था, जब प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। यहां नई पीढ़ी के बहुत साथी हैं, लेकिन जो पुराने लोग हैं, वो जानते हैं कि मेरा लंबे समय से आप सबकी दुनिया के साथ एक सहज संबंध रहा है। प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टा रील तक मैंने मीडिया का और मीडिया संवाद का एक लंबा दौर देखा है।’
‘पता नहीं आपकी कौन सी ताकत है, जो हमें यहां परेशान कर देती है’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मुझे बराबर याद है, पता नहीं आपकी कौन सी ताकत है, जो हमें यहां परेशान कर देती है। किसी को पता नहीं था, पार्टी में ऊपर के जो 2-4 लोग थे, बस उनको पता था। मैं यहां 11 अशोक रोड पर एक कमरे में रहता था। अचानक एक दिन सारे पत्रकारों की गैंग मेरे कमरे में घुस गई। उस समय एक महिला ब्रिगेड हुआ करती थी। उन्होंने मुझसे कहा कि मिठाई खिलाओ! जब मैंने पूछा कि क्यों भाई, तो उन्होंने कहा कि आप गुजरात जा रहे हो, आप मुख्यमंत्री बनने जा रहे हो। हालांकि ये बहुत कम लोगों को मालूम था, लेकिन उन लोगों को पता था। खैर, उनकी बात सही साबित हुई।’
‘सरकार में आने के बाद मेरे दायित्व में भी रिपोर्टर से एडिटर बनने जैसा बदलाव’
पीएम मोदी ने कहा, ‘जब लोग रिपोर्टर से एडिटर बनते हैं तो मीडिया हाउस में आपकी भूमिका स्वाभाविक रूप से बदल जाती है। सरकार में आने के बाद मेरे दायित्व में भी ऐसा ही बदलाव आ गया। पिछले महीने मुझे सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल हुए हैं। 25 वर्षों में बहुत कुछ बदल गया है। देश बदला, दुनिया बदली और राजनीति का तरीका भी बदल गया है। बदलती हुई तकनीक ने मीडिया का स्वरूप काफी बदल दिया है। पारंपरिक मीडिया का थोड़ा आसान हुआ है तो नई चुनौतियां भी आ गईं।’

‘पहले गली-गली में क्रिकेट एक्सपर्ट थे तो आज गली-गली में हर खबर के एक्सपर्ट’
उन्होंने कहा, ‘पहले ओवी वैन का संघर्ष था और आज मोबाइल ही ओवी वैन बना हुआ है। आज हर किसी का अपना प्लेटफॉर्म है, अपना चैनल है। पहले हमारे यहां कहा जाता था कि भारत में गली-गली में क्रिकेट के एक्सपर्ट मिलते हैं। आज तो गली-गली में हर खबर के एक्सपर्ट मिल जाते हैं। हमारे यहां कहावत रही है, ‘जितने मुंह उतनी बातें।’ कभी-कभी लगता है कि देश में जितने लोग हैं, उतनी ही राय है। भांति-भांति के ओपिनियंस हमारे लोकतंत्र के बनाए हुए हैं। इसमें भारत की मीडिया की बहुत बड़ी भूमिका है।’
न्यूज और न्यूज रूम की दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘न्यूज और न्यूज रूम की दुनिया की एक बात अच्छी होती है कि वहां कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। कहीं हादसा हो, भूकंप आए या बाढ़ की तबाही हो। सारी दुनिया उस जगह से भाग रही होती है, लेकिन कुछ लोग जो उल्टी गंगा बहा रहे होते हैं, वे हमारे फील्ड रिपोर्टर्स होते हैं। अपना जीवन दांव पर लगाकर, परिवार की सारी चिंताएं किनारे रखकर कवरेज के लिए पहुंच जाते हैं। ऐसा जज्बा कम ही देखने को मिलता है। इसके लिए मैं हमेशा आपका प्रशंसक रहा हूं।’
‘डेडलाइन बहुत जरूरी, हमारा देश भी एक डेडलाइन 2047 के साथ काम कर रहा’
उन्होंने कहा, ‘न्यूज की दुनिया में एक और चीज बहुत जरूरी है और वो है डेडलाइन। डेडलाइन न हो ते डेस्क से लेकर फील्ड तक सबका यही एटीट्यूड रहता कि अभी तो समय है। इसलिए डेडलाइन बहुत जरूरी है। यह व्यक्ति, संस्था और देश तीनों पर लागू होती है। आज हमारा देश भी एक डेडलाइन के साथ काम कर रहा है और यह डेडलाइन 2047 है। देश को विकसित बनाने का सपना आजादी के समय से हमारे साथ रहा है लेकिन अब इस सपने के सामने एक तारीख तय है 2047! यानी आजादी के 100 साल पूरे होने से पहले हमें मिलकर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है।’

बीते वर्षों में अर्जित भारत की उपलब्धियों का उल्लेख
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज भारत जिन उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है, उसमें विकसित भारत के लक्ष्य को पाना असंभव नहीं है। आप सोचिए, बीते वर्षों में भारत ने क्या-क्या कर दिखाया है। किसने सोचा था कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरकर इतिहास रचेगा। किसने सोचा था कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन जाएगा। किसने सोचा था कि चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बनेगा। भारत ने सिर्फ 12 वर्ष में अपनी सौर उत्पादन क्षमता 50 गुना से ज्यादा बढ़ा दी है। भारत ने सिर्फ 12 वर्ष में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम तैयार कर लिया है।’
‘छोटे-बड़े अनेक लक्ष्य पूरे करते हुए ही हम विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंच पाएंगे’
उन्होंने कहा, ‘2047 की डेडलाइन का मतलब यह नहीं है कि हमें तब तक इंतजार करना है। आप आजादी के आंदोलन को याद कीजिए। पूर्ण स्वराज का लक्ष्य एक-दो दिन में पूरा होने वाला नहीं था। धीरे-धीरे छोटे लक्ष्य तय हुए, वो पूरे हुए और फिर लोगों में विश्वास जगा कि आजादी जरूर मिलेगी और पूरा देश इस संकल्प के साथ खड़ा हो गया। विकसित भारत के लक्ष्य तक भी हमें देश का यही विश्वास लेकर जाएगा। हम छोटे-बड़े अनेक लक्ष्य पूरे करते हुए आगे बढ़ेंगे, तभी विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंच पाएंगे।’
भारत की सफलताओं से जुड़ी स्टोरीज पर काम करने की मीडिया से अपील
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में निरंतर कोशिश करता हूं कि देश की उपलब्धियों और देश के लोगों की उपलब्धियों को प्लेटफॉर्म देता रहूं। मैं देश के मीडिया से भी आग्रह करूंगा कि भारत की सफलताओं से जुड़ी स्टोरीज पर काम करिए, उन्हें आगे बढ़ाइए। ये आपकी तरफ से बहुत बड़ी देश सेवा होगी। मैं एक और विषय पर आपका सहयोग चाहूंगा। अब हमें नशे को लेकर भी वैसी ही जागरूकता निभानी होगी। हमें अपने युवाओं को इन सबसे बाहर निकालना ही होगा। सामाजिक सरोकार के विषयों और देश में एकता बढ़ाने वाले विषयों को जब मीडिया अपने मंचों पर जगह देगा, अपनी डिबेट का हिस्सा बनाएगा, तभी विकसित भारत के अभियान को और गति मिलेगी।”


