देहरादून, 17 नवंबर, Uttarakhand Bus Accident : उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक आठ यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।
सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी बस
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के समीप बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश पहुंचने के दौरान दम तोड़ दिया।
20 घायलों को निकाला गया, एम्स ऋषिकेश भेजे गए 19 यात्री
एसएसपी श्वेता चौबे के मुताबिक, हादसे के बाद शुरुआती कार्रवाई में चार शव बरामद किए गए थे। इसके अलावा दो अन्य लोगों के खाई में गिरे होने की सूचना मिली थी। उन्हें बाहर निकालने के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।अब तक बस से 20 घायलों को बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंचीं
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पुलिस बल तैनात है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें आपसी समन्वय से घायलों को निकालने और अस्पताल पहुंचाने में जुटी हैं। दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
हादसे में घायल यात्रियों की सूची
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, घायलों में शामिल यात्रियों के नाम इस प्रकार हैं:
- मोहम्मद वहाब अंसारी (22): पुत्र उस्मान अंसारी, निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड।
- राहुल कुमार (24): पुत्र उपेंद्र कुमार, निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार।
- अभिषेक (28): पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी मोहल्ला नत्था सिंह, जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
- प्रत्यूष (23): पुत्र सुभाष, निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
- अर्जुन सौरन (34): पुत्र प्रधान सौरन, निवासी ग्राम सीलीबुना, थाना रानीचौल, जिला दुमका, झारखंड।
- बुधन मुर्मू (50): पुत्र देवान मुर्मू, निवासी ढोडिया, जिला दुमका, झारखंड।
- आयरा (3): पुत्री नूर जहां, निवासी गुवाहाटी, असम।
- नूर जहां (26): पत्नी विशाल, निवासी गुवाहाटी, असम।
- राजकुमार (32): पुत्र काली चरण, निवासी ग्राम उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड।
- जतिन (21): पुत्र जीतपाल, निवासी डीडीए क्वार्टर, जिला शाहदरा, दिल्ली।
- पंकज नेगी (31): पुत्र पूरण नेगी, निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग।
- संतोष कुमार (38): पुत्र नरेश प्रसाद, निवासी जहानाबाद, थाना घोषी, बिहार।
- वीरेंद्र सिंह (58): पुत्र मुरली सिंह, निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली।
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रही हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


