ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- एक्सप्रेसवे से उतरकर सिंगल लेन सड़क पर भटक रहे PDA के नेता

लखनऊ, 17 नवंबर। उत्तर प्रदेश की सियासत में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के मुद्दे पर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि वह एक्सप्रेसवे से उतरकर अब सिंगल लेन सड़क पर भटक रहे हैं। राजभर ने दावा किया कि चंद्रशेखर आजाद दलितों और असदुद्दीन ओवैसी अल्पसंख्यकों को अपने साथ ले गए हैं।

मंगलवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने पीडीए की शुरुआत अच्छी पहल के रूप में की थी, लेकिन बाद में वह अपनी राजनीतिक दिशा से भटक गए। उन्होंने इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम की तुलना सड़क से करते हुए कहा कि अखिलेश यादव पीडीए की पहल के साथ एक्सप्रेसवे पर चढ़े थे, लेकिन अब फोरलेन से होते हुए सिंगल लेन सड़क पर पहुंच गए हैं। राजभर के मुताबिक, अब अखिलेश यादव उसी सड़क पर भटक रहे हैं और उन्हें आगे का रास्ता समझ नहीं आ रहा है।

चंद्रशेखर और ओवैसी को लेकर क्या बोले राजभर?

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के पीडीए समीकरण पर निशाना साधते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद ‘डी’ यानी दलित वर्ग को अपने साथ ले गए हैं, जबकि असदुद्दीन ओवैसी ‘ए’ यानी अल्पसंख्यक वर्ग को अपने पाले में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए की अलग-अलग परिभाषाएं देते रहे हैं, लेकिन अब इस राजनीतिक समीकरण में दूसरे दलों की भी दावेदारी बढ़ गई है।

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर भी अखिलेश को घेरा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत टलने के मुद्दे पर भी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बेहद चतुर हैं और कांग्रेस को चुनाव तक इसी तरह इंतजार कराते रहेंगे। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव चुनाव आने तक कांग्रेस को लटकाए रखेंगे। चुनाव लड़ने के बाद भी वह उसे इसी तरह टालते रहेंगे। यह उनका अपना राजनीतिक मामला है और वे इसी तरह टालमटोल करते रहेंगे।

केशव मौर्य के बयान का किया समर्थन, अखिलेश को दी सलाह

मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय बैठक और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर राजभर ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक संगठनात्मक और चुनावी मामला है। चुनाव नजदीक आने के कारण पार्टी अपनी रणनीति तैयार करने के लिए बैठकें कर रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य ने सही बात कही है।

अखिलेश यादव को सलाह देने के अंदाज में राजभर ने कहा कि उन्हें जाकर उन्हीं के साथ मिल जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राम तो पहले ही जा चुके हैं और अब कृष्ण भी जाने वाले हैं।” राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में पीडीए के सामाजिक समीकरण और विपक्षी गठबंधन को लेकर सियासी चर्चा तेज होने के आसार हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular