वाराणसी : अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, मकान के मलबे में कई लोग दबे, NDRF बुलाई गई

वाराणसी, 15 अक्टूबर। वाराणसी शहर में सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंग तालाब स्थित एक मकान में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार की शाम भीषण विस्फोट हो गया। धमाके से मकान का पूरा हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ थाने की पुलिस के साथ ही आला अधिकारी और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अंतिम समाचार मिलने तक मलबे से दो लोगों को बाहर निकाला गया था, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। मलबे में अन्य कई लोगों के दबे होने की आशंका है। NDRF की टीम को भी बुलाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव के सारंग तालाब के पास एक मकान में चोरी-छुपे पटाखे बनाए जा रहे थे। गुरुवार शाम अचानक तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और मलबा हटाने का काम जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही विस्फोट के सही कारणों का पता चल पाएगा

सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लिया

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों का समुचित उपचार कराने और परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा है। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular