1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनाव : भाजपा को 16 में 7 सीटों का नुकसान, कांग्रेस ने छीने महापौर के 5 पद, ‘आप’ और निर्दलीय को एक-एक सीट
मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनाव : भाजपा को 16 में 7 सीटों का नुकसान, कांग्रेस ने छीने महापौर के 5 पद, ‘आप’ और निर्दलीय को एक-एक सीट

मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनाव : भाजपा को 16 में 7 सीटों का नुकसान, कांग्रेस ने छीने महापौर के 5 पद, ‘आप’ और निर्दलीय को एक-एक सीट

0
Social Share

भोपाल, 20 जुलाई। मध्य प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सात सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है। इससे पहले प्रदेश की सभी 16 नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा था। लेकिन इस बार दो चरणों में हुए चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा ने नौ शहरों – राजधानी भोपाल, इंदौर, बुरहानपुर, खंडवा, सतना, सागर, उज्जैन, देवास और रतलाम के महापौर का चुनाव जीता।

वहीं कांग्रेस ने पांच शहरों – जबलपुर, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, रीवा और मुरैना महापौर की सीटें भाजपा से छीन लीं जबकि एमपी नगर निकाय चुनाव में पहली बार किस्मत आजमाने उतरी आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली महापौर सीट जीतकर सबको चौंका दिया। कटनी में निर्दलीय उम्मीदवार ने बाजी मारी।

मध्य प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए पहले चरण के परिणामों के बाद रविवार को कांग्रेस ने परिणामों को ‘उत्साहजनक’ बताया जबकि सात सीटों के नुकसान के बावजूद भाजपा ने चुनाव में अपने प्रदर्शन को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया है।

देवास व रतलाम में भाजपा कायम, रीवा व मुरैना पर कांग्रेस का कब्जा

इस बीच नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे दौर की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देवास और रतलाम जबकि कांग्रेस ने रीवा और मुरैना में महापौर सीट पर विजय हासिल की। वहीं, कटनी महापौर का पद एक निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गया। दूसरे चरण के लिए मतगणना बुधवार सुबह नौ बजे शुरू हुई थी।

देवास नगर निगम चुनाव में भाजपा की महापौर प्रत्याशी गीता अग्रवाल ने बड़ी जीत दर्ज की है। गीता अग्रवाल को कुल पड़े 1,65,422  मतों में से 89,502 मत मिले, जबकि कांग्रेस की विनोदिनी व्यास को 43,618 वोट मिले। रतलाम से भाजपा के उम्मीदवार प्रह्लाद पटेल ने कांग्रेस के मयंक जाट को 8,591 मतों के अंतर से पराजित किया।

महापौर के प्रत्यक्ष चुनाव की शुरुआत के बाद से रीवा में कांग्रेस पहली बार जीती

रीवा में कांग्रेस के उम्मीदवार अजय मिश्र बाबा ने भाजपा उम्मीदवार प्रमोद व्यास को 10,301 मतों के अंतर से पराजित किया। 1999 से मध्य प्रदेश में महापौर पद के लिए प्रत्यक्ष चुनाव की शुरुआत के बाद से रीवा में महापौर पद के लिए कांग्रेस की यह पहली जीत है।

केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर का क्षेत्र मुरैना भी नहीं बच सका

मुरैना में कांग्रेस की शारदा सोलंकी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की मीना मुकेश जाटव को 14,631 मतों के अंतर से पराजित किया। यह नगर निगम मुरैना लोकसभा सीट का हिस्सा है, जिसका प्रतिनिधित्व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करते हैं।

कटनी में निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति संजीव सूरी ने मारी बाजी

कटनी में महापौर पद की निर्दलीय उम्मीदवार प्रीति संजीव सूरी ने बड़ा उलटफेर करते हुए अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की ज्योति दीक्षित को 5,287 मतों के अंतर से हराया। कटनी नगर निगम, खजुराहो लोकसभा सीट का हिस्सा है, जिसका प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा करते हैं।

दूसरे चरण के तहत रतलाम, देवास, कटनी, रीवा और मुरैना के पांच नगर निगमों सहित 40 नगर पालिकाओं और 169 नगर परिषदों में 13 जुलाई को मतदान हुआ था। 43 जिलों में फैले इन स्थानीय निकायों में महापौर और पार्षद पदों के चुनाव दलीय आधार पर हुए।

नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण की मतगणना गत रविवार को हुई थी। इसमें भाजपा ने सात सीटों पर विजय हासिल की थी जबकि कांग्रेस ने तीन और आम आदमी पार्टी (आप) ने सिंगरौली की एक सीट पर जीत दर्ज की।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code