Site icon Revoi.in

रूस-यूक्रेन युद्ध : रूस में फेसबुक सहित कई मीडिया वेबसाइट आंशिक रूप से ठप, नहीं खुल रहीं कई साइटें

Social Share

मॉस्को, 4 मार्च। रूस व यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि रूस में फेसबुक सहित कई मीडिया वेबसाइट आंशिक रूप से डाउन हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि रूस द्वारा यह कदम यूक्रेन में हो रही जंग के खिलाफ आवाज उठाने वालों की जुबान पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है।

मीडिया की खबरों में दावा किया गया है कि समाचार एजेंसी एएफपी के पत्रकार मॉस्को में अपना फेसबुक अकाउंट नहीं खोल पा रहे हैं। यही नहीं, पत्रकार फेसबुक के साथ-साथ Meduza, Deutsche Welle, RFE-RL और BBC की रूसी-भाषा सेवा की साइटें भी खोल नहीं पा रहे थे।

वहीं, मोनिटरिंग एनजीओ ग्लोबलचेक का भी यही कहना है कि रूस में फेसबुक सहित कई मीडिया वेबसाइटें आंशिक रूप से डाउन थीं। अपने टेलीग्राम खाते पर स्वतंत्र आउटलेट मेडुजा ने कहा कि उसकी साइट रूस में “अपने कुछ यूजर्स” के लिए उपलब्ध नहीं थी, लेकिन उसने यह भी कहा कि उसे ब्लॉक करने के बारे में रूसी अधिकारियों से कोई भी सूचना नहीं मिली थी।

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते यूक्रेन पर मॉस्को के आक्रमण के बाद से रूसी अधिकारियों ने स्वतंत्र मीडिया के खिलाफ दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि, देश में प्रेस की स्वतंत्रता पहले से ही तेजी से घट रही थी।

रूसी सरकार ने कुछ चैनलों को बताया विदेशी एजेंट

दूसरी तरफ इस हफ्ते के शुरुआत में रूस के अभियोजक जनरल ने एको मोस्किवी रेडियो स्टेशन और स्वतंत्र डोज़हद टीवी चैनल पर बैन लगाने का आदेश दिया था। वे शटडाउन यूक्रेन में युद्ध पर आधिकारिक लाइन से इनकार करने वाले आउटलेट्स के कारण थे। क्रेमलिन के अनुसार, पड़ोसी यूक्रेन में काररवाई एक सैन्य अभियान है, आक्रमण नहीं। रूस और रूसी वक्ताओं को पश्चिमी देशों के ‘नरसंहार’ से बचाने के लिए ऐसा किया गया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में रूसी अधिकारियों ने Dozhd सहित तमाम मीडिया आउटलेट्स और दर्जनों मीडिया कर्मियों को ‘विदेशी एजेंट’ नामित किया है। ऐसा माना जा रहा है कि रूसी सरकर ने फेक न्यूज के खिलाफ काररवाई करने का मन बना लिया है, जिसके तहत 15 साल तक की जेल की सजा पर विचार किया जा रहा है।