1. Home
  2. हिंदी
  3. रक्षा
  4. एयर मार्शल विवेक राम चौधरी भारतीय वायुसेना प्रमुख नियुक्त, आरकेएस भदौरिया की जगह लेंगे
एयर मार्शल विवेक राम चौधरी भारतीय वायुसेना प्रमुख नियुक्त, आरकेएस भदौरिया की जगह लेंगे

एयर मार्शल विवेक राम चौधरी भारतीय वायुसेना प्रमुख नियुक्त, आरकेएस भदौरिया की जगह लेंगे

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 सितम्बर। केंद्र सरकार ने एयर मार्शल विवेक राम चौधरी को नया भारतीय वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया है। संप्रति वह वायुसेना के उप प्रमुख हैं। वह एक अक्टूबर को मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया के स्थान पर पद ग्रहण करेंगे, जो 30 सितम्बर को अवकाश ग्रहण करने वाले हैं।

रक्षा मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘सरकार ने फिलहाल वायुसेना उप प्रमुख के तौर पर सेवारत एयर मार्शल वी.आर. चौधरी को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वह 30 सितम्बर को एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया के सेवानिवृत होने के बाद पदभार संभालेंगे।’

29 दिसंबर, 1982 को वायुसेना की युद्धक शाखा में शामिल हुए थे

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र एयर मार्शल चौधरी को 29 दिसंबर, 1982 को भारतीय वायुसेना की युद्धक शाखा में शामिल किया गया था। 38 वर्षों के विशिष्ट करिअर में इस अधिकारी ने भारतीय वायुसेना की सूची में विभिन्न प्रकार के लड़ाकू और प्रशिक्षक विमान उड़ाए हैं। उन्हें मिग-21, मिग-23 एमएफ, मिग 29 और सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों पर परिचालन उड़ान सहित 3,800 घंटे से अधिक का उड़ान का अनुभव है। वह एक फ्रंटलाइन फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर थे और उन्होंने फ्रंटलाइन फाइटर बेस की भी कमान संभाली थी।

इसी वर्ष जून में वायुसेना का उप प्रमुख नियुक्त किया गया था

सैन्य पुरस्कार ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ देकर सम्मानित किए जा चुके एयर मार्शल चौधरी को इस वर्ष जून में एयर मार्शल हरजीत सिंह अरोड़ा के स्थान पर भारतीय वायुसेना का उप प्रमुख नियुक्त किया गया था। इससे पहले उन्होंने वायुसेना के पश्चिमी वायु कमान (डब्ल्यूएसी) के कमांडर-इन-चीफ के रूप में कार्य किया, जो संवेदनशील लद्दाख क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर भारत के विभिन्न अन्य हिस्सों में देश के वायु क्षेत्र की सुरक्षा की देखभाल करता है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code