लखनऊ, 20 नवंबर, Pankaj Chaudhary Birthday : उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने पत्र लिखकर उनके स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की। वहीं, सीएम योगी ने भी सोशल मीडिया के जरिए बधाई देते हुए उनके यश और सफलता की कामना की। पंकज चौधरी ने दोनों नेताओं का आभार जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंकज चौधरी को जन्मदिन की बधाई देते हुए अपने पत्र में लिखा, “आगामी 20 नवंबर को आपके जन्मदिवस के पावन अवसर की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपका जीवन सुख, समृद्धि और आरोग्य से परिपूर्ण रहे।”
पीएम मोदी ने उनके सार्वजनिक जीवन और केंद्रीय मंत्रिमंडल में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने में जनसेवा का प्रत्येक अवसर महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने लिखा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में पंकज चौधरी का कर्तव्यनिष्ठ और दायित्वपूर्ण योगदान सुशासन, जनसेवा और लोककल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि पंकज चौधरी की सकारात्मक सोच और कर्मनिष्ठा आने वाले समय में भी आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की निरंतरता की कामना की।
पीएम मोदी की शुभकामनाओं पर पंकज चौधरी ने जताया आभार
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री का बधाई संदेश साझा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री जी आपकी शुभकामनाओं ने मेरे जन्मदिन को अविस्मरणीय बना दिया है। देश के प्रधानसेवक के मार्गदर्शन से मुझे जनसेवा के पथ पर और अधिक मजबूती से आगे बढ़ने की शक्ति मिलती है। हर असंभव, संभव लगने लगता है। हृदय की अनंत गहराइयों से आपका आभार।”
सीएम योगी ने भी दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पंकज चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “कुशल संगठनकर्ता, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आपका जीवन उत्तम स्वास्थ्य, यश, कीर्ति और सफलताओं से सदैव परिपूर्ण रहे।”
सीएम योगी की शुभकामनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने लिखा कि जन्मदिन के अवसर पर भेजी गई मंगलकामनाओं के लिए वह हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध हैं।


