किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या, जंगल में मिले शव; हथियार लेकर फरार हुए हमलावर

किश्तवाड़, 12 नवंबर। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो लापता स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव गुरुवार सुबह बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। उनके हथियार भी गायब बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया है।

मृतकों की पहचान रशपाल कुमार (40) और बॉबी चंद (54) के रूप में हुई है। दोनों स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) से जुड़े थे। जानकारी के मुताबिक, एक जवान का शव सुबह करीब आठ बजे और दूसरे का शव लगभग नौ बजे बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जंगल में गोलीबारी के बाद जवानों से टूटा था संपर्क

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे मारवाह के देहरना जंगल में स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी। इसके कुछ ही समय बाद दोनों जवानों से संपर्क टूट गया। उनके मोबाइल फोन भी बंद हो गए थे।

बताया जा रहा है कि दोनों SPO बसनन इलाके में तैनात सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स (17 RR) की एक टुकड़ी के साथ गश्त कर रहे थे और देहरना पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनसे संपर्क नहीं हो सका। सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था।

सेना और पुलिस ने संयुक्त अभियान में बरामद किए शव

लापता जवानों की तलाश में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और RPF के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाया। गुरुवार सुबह घने जंगल से दोनों के शव बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके शरीर पर गोलियों के कई निशान हैं।

दोनों जवानों के हथियार भी मौके से गायब मिले हैं। इनमें एक .303 राइफल और दूसरी INSAS राइफल बताई जा रही है। हथियारों के गायब होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं।

BJP विधायक शगुन परिहार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

दोनों SPO के शव मिलने पर किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि दो जवानों की हत्या बेहद दुखद है। बुधवार रात उनके लापता होने की सूचना मिली थी और गुरुवार सुबह उनके शव बरामद किए गए।

शगुन परिहार ने पाकिस्तान पर नापाक साजिशें जारी रखने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जवानों की मौत के जिम्मेदार लोगों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जो इस नुकसान के मुकाबले चार गुना बड़ी हो। विधायक ने बताया कि वह जल्द ही घटनास्थल के लिए रवाना होंगी।

किश्तवाड़ में हाई अलर्ट, आतंकियों की तलाश जारी

दोनों जवानों के शव मिलने के बाद किश्तवाड़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सेना और पुलिस की टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं। फिलहाल घटना के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षा बल संदिग्धों और आतंकियों की तलाश में जुटे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular