देहरादून, 21 नवंबर, Yogi Adityanath Mother Funeral : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में कई राज्यों के राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए उत्तराखंड पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। हरिद्वार के चंडीघाट और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना होगी। यात्रा को देखते हुए काफिले में शामिल होने वाली सभी गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। वहीं, अंतिम यात्रा के लिए एंबुलेंस को फूलों से सजाया गया है। चंडीघाट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ आसपास के रास्तों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
कई राज्यों के नेता अंतिम संस्कार में हो सकते हैं शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की संभावना है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, कैबिनेट के कई मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन के वरिष्ठ नेता हरिद्वार पहुंच सकते हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक भी अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।
91 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक, शुक्रवार सुबह उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। वह पिछले करीब एक साल से बोल भी नहीं पा रही थीं। निधन के समय घर पर महेंद्र सिंह बिष्ट और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान मिली मां के निधन की खबर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मां के निधन की सूचना उस समय मिली, जब वह गोरखपुर में युवाओं को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें इस दुखद खबर की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने अपने आगे के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए और उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। उनका गोंडा जाने का प्रस्तावित कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया। पैतृक आवास पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आए। मां के पार्थिव शरीर के सामने कुछ पल शांत खड़े योगी आदित्यनाथ की भावुक तस्वीरों ने लोगों को भी भावुक कर दिया।


