सरकारी स्कूलों की बदहाली पर अभिजीत दिपके का सवाल- 80 साल बाद भी गांवों के बच्चों को बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं?

नई दिल्ली, 11 जुलाई। स्वतंत्रता दिवस से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने देश के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि भारत 15 अगस्त 2026 को आजादी के 80 वर्ष पूरे करने जा रहा है, लेकिन आज भी गांवों के कई सरकारी स्कूल जरूरी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। अभिजीत दिपके ने कहा कि आजादी के बाद देश ने विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। नया संसद भवन बना और कई बड़ी परियोजनाओं पर काम हुआ, लेकिन गांवों में मजदूरों और किसानों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने वाले सरकारी स्कूलों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल सकी।

गांवों के बच्चों को बेहतर सुविधाएं देना हमारी जिम्मेदारी

दिपके ने सवाल उठाया कि क्या गांवों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और समाज की जिम्मेदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भी कई गांवों में बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। स्कूल पहुंचने के बाद भी उन्हें स्वच्छ पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं की समस्याओं पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की। दिपके का कहना है कि शिक्षा के साथ बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक स्कूल वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

स्वतंत्रता दिवस पर गांव के स्कूल से करेंगे शुरुआत

अभिजीत दिपके ने कहा कि यदि 15 अगस्त से कोई नई शुरुआत करनी है तो इसकी शुरुआत सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने से होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वह अपने गांव हिंगोली जाएंगे और वहां के सरपंच से मुलाकात कर सरकारी स्कूल के विकास तथा बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह करेंगे। उन्होंने महाराष्ट्र समेत देशभर के ग्राम प्रधानों और सरपंचों से अपील की कि वे अपने गांव के सरकारी स्कूलों की स्थिति की समीक्षा करें और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाएं।

बेहतर स्कूल बनाने वाले सरपंचों को करेंगे प्रोत्साहित

दिपके ने कहा कि जो सरपंच अपने गांव के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए काम करेंगे, उनकी पहल को कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने लाएगी। पार्टी ऐसे प्रयासों के वीडियो साझा करेगी, ताकि दूसरे गांवों के जनप्रतिनिधियों को भी प्रेरणा मिल सके।

अभिभावकों से भी स्कूलों का जायजा लेने की अपील

अभिजीत दिपके ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के सरकारी स्कूलों का दौरा करें और वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लें। यदि किसी स्कूल में आवश्यक सुविधाओं का अभाव है तो अभिभावक उसका वीडियो बनाकर पार्टी को भेज सकते हैं।उन्होंने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी जल्द ही अभिभावकों के लिए एक विशेष फॉर्म जारी करेगी। इसके माध्यम से माता-पिता यह जानकारी दे सकेंगे कि उनके बच्चों के स्कूल में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। यह जानकारी फॉर्म और ईमेल के माध्यम से पार्टी तक पहुंचाई जा सकेगी। दिपके ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आज समय की जरूरत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular